home page

रणहौला के स्कूल में आग, गार्ड की दम घुटने से मौत

 | 

नई दिल्ली, 24 फ़रवरी (हि.स.)। बाहरी दिल्ली के रणहौला इलाके स्थित एक स्कूल में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से स्कूल के गार्ड की मौत हो गई। प्रारंभिक आशंका है कि उनकी मौत दम घुटने से हुई है।

दिल्ली दमकल विभाग के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 8 बजे आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। जांच में सामने आया कि आग देर रात ही लग गई थी, लेकिन इसकी जानकारी सुबह उस समय हुई जब स्कूल स्टाफ वहां पहुंचा। आग स्कूल परिसर के गार्ड रूम में लगी थी।

दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के दौरान अंदर से एक शव बरामद किया, जिसकी पहचान स्कूल के गार्ड नरेश (58) के रूप में हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आग की सूचना मिलते ही स्कूल और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दमकलकर्मियों ने एक घंटे के भीतर आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही हैं। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत और आग लगने की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी