home page

शकूर बस्ती रेलवे स्टेशन पर पेट्रोल टैंक वैगन में लगी आग, सतर्कता से टला बड़ा हादसा

 | 

नई दिल्ली, 31 मार्च (हि.स.)। दिल्ली के शकूर बस्ती रेलवे स्टेशन स्थित रेलवे यार्ड में पेट्रोल से भरे टैंक वैगन में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि रेलवे कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ के चलते संभावित बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि या गंभीर नुकसान नहीं हुआ।

रेलवे के पुलिस उपायुक्त भरत रेड्डी ने मंगलवार काे जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना पेट्रोल से लदे एक टैंक वैगन में हुई, जो रेलवे यार्ड में खड़ा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि टैंक वैगन के मैनहोल (ढक्कन) से पेट्रोल का रिसाव हो रहा था। इस रिसाव के कारण आसपास अत्यधिक ज्वलनशील वाष्प जमा हो गईं। इसी दौरान किसी कारणवश वाष्प में आग लग गई और देखते ही देखते टैंकर के ऊपरी हिस्से में लपटें उठने लगीं।

मौके पर मौजूद रेलवे स्टाफ ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। कर्मचारियों ने बिना समय गंवाए उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों फायर एक्सटिंग्विशर और सिलेंडरों का उपयोग कर आग बुझाना शुरू किया। उनकी तत्परता और समन्वित प्रयासों से आग को शुरुआती चरण में ही नियंत्रित कर लिया गया।

रेलवे कर्मचारियों की इस मुस्तैदी ने एक बड़ी दुर्घटना को टाल दिया, क्योंकि यदि आग फैलती तो आसपास खड़े अन्य टैंक वैगनों और रेलवे ढांचे को भारी नुकसान हो सकता था। साथ ही, घटना स्थल के आसपास के क्षेत्र को तुरंत खाली कराकर आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई, जिससे किसी भी अप्रिय स्थिति से बचाव सुनिश्चित किया जा सका। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया और अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू किए गए।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। रेलवे संपत्ति को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और प्रारंभिक निरीक्षण के बाद क्षेत्र को सुरक्षित घोषित कर दिया गया है। फिलहाल संबंधित तकनीकी टीम द्वारा टैंक वैगन की विस्तृत जांच की जा रही है, ताकि आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी