फ्रिज में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, दिल्ली पुलिस ने 12 लोगों को सुरक्षित निकाला
नई दिल्ली, 16 जून (हि.स.)। दक्षिणी दिल्ली के नेब सराय थाना क्षेत्र स्थित राजू पार्क में सोमवार देर रात एक मकान में फ्रिज में हुए शॉर्ट सर्किट के बाद भीषण आग लग गई। आग दूसरी मंजिल से शुरू होकर देखते ही देखते तीसरी मंजिल तक फैल गई। हादसे के समय दोनों मंजिलों पर कई लोग फंसे हुए थे। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दिल्ली पुलिस और दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, सोमवार रात 11 बजकर 5 मिनट पर राजू पार्क स्थित एक मकान में आग लगने की सूचना मिली थी। शुरुआती दौर में दमकल की तीन गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। हालांकि, आग की गंभीरता को देखते हुए बाद में तीन और गाड़ियों को रवाना किया गया। करीब छह दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दूसरी मंजिल पर रखे फ्रिज में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद कंप्रेशर में धमाका हो गया। धमाके के साथ आग तेजी से पूरे फ्लोर में फैल गई और कुछ ही देर में तीसरी मंजिल तक पहुंच गई।
सूचना मिलते ही नेब सराय थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। उस समय मकान की दूसरी और तीसरी मंजिल पर बच्चे, महिलाएं और पुरुष फंसे हुए थे। पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। कुछ लोगों को रस्सी के सहारे बालकनी से बाहर निकाला गया, जबकि कुछ को पड़ोसी मकानों की छतों के जरिए सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया गया।
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से कुल 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इनमें चार बच्चे, चार महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं। समय रहते किए गए रेस्क्यू अभियान के कारण बड़ा हादसा टल गया। हाल के दिनों में राजधानी में घरों में आग लगने की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। कई मामलों में लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कई घायल अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। ऐसे में इस घटना में दिल्ली पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता एवं बहादुरी ने 12 जिंदगियों को बचाने में अहम भूमिका निभाई।
प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह फ्रिज में शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, दमकल विभाग और पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

