home page

टिकरी में गोदाम में लगी आग

 | 
टिकरी में गोदाम में लगी आग


नई दिल्ली, 02 मार्च (हि.स.)। बाहरी दिल्ली के टिकरी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक वेयरहाउस में सोमवार सुबह भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। सूचना मिलते ही दमकल विभाग में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया।

जानकारी के मुताबिक, आग टिकरी बॉर्डर के पास स्थित एक औद्योगिक इकाई में लगी। शुरुआती चिंगारी ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग तेजी से फैली, जिससे अंदर मौजूद कर्मचारियों को संभलने का पर्याप्त मौका नहीं मिल सका। धुएं के घने गुबार के कारण आसपास के इलाकों में दृश्यता प्रभावित हुई और लोगों को सांस लेने में भी दिक्कत का सामना करना पड़ा।

आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग ने इसे ‘सीरियस कैटेगरी’ में रखा। सूचना मिलते ही करीब 24 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। संकरी गलियां और वेयरहाउस के भीतर रखा ज्वलनशील सामान आग बुझाने में बड़ी बाधा साबित हुआ।

फायर अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिकता आग को आसपास की अन्य फैक्ट्रियों तक फैलने से रोकना है। दमकल कर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने की कोशिश करते रहे। कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और स्थिति की निगरानी करते रहे।

सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी और आसपास की फैक्ट्रियों को एहतियातन खाली करा लिया गया। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस की कई गाड़ियां भी मौके पर तैनात रहीं।

फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन वेयरहाउस में रखा भारी मात्रा में माल जलकर खाक होने की आशंका है। नुकसान का आकलन आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही किया जा सकेगा।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा आग बुझने और कूलिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। प्रशासन यह भी जांच करेगा कि संबंधित फैक्ट्री में अग्निशमन के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं।

मौके पर अभी भी राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आने में कुछ और समय लग सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी