home page

कपड़ो के शोरूम में लगी आग

 | 

नई दिल्ली, 14 जून (हि.स.)। राजधानी में लगातार आग लगने का सिलसिला जारी है। रविवार दोपहर पश्चिमी जिला के राजौरी गार्डन मेन मार्केट स्थित एक दो मंजिला इमारत में चल रहे कपड़ों के शोरूम में अचानक आग लग गई। आग लगते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। कपड़ों का शोरूम होने की वजह से आग तेजी से फैली और शोरूम का बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 9 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियो ने राहत बचाव का काम शुरू किया और करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है।

दमकल विभाग के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 3:55 बजे राजौरी गार्डन मेन मार्केट स्थित जे-108 शोरूम में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही आस पास के फायर स्टेशन से सात गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए दो अतिरिक्त गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया।

दमकल के अनुसार, करीब 300 वर्ग गज क्षेत्र में फैली इस दो मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर आग लगी थी, जहां लहंगा-चोली का शोरूम था। आग लगने के समय शोरूम में कई कर्मचारी मौजूद थे, लेकिन समय रहते सभी सुरक्षित बाहर निकल गए। आग लगने के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया। धुएं के घने गुब्बार और उठती लपटों को देखकर आसपास के दुकानदारों में दहशत फैल गई। दमकलकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग को अन्य दुकानों तक फैलने से रोक लिया। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल दमकल विभाग इमारत में कूलिंग का काम कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी