home page

एनडीएमसी के उपाध्यक्ष ने पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

 | 
एनडीएमसी के उपाध्यक्ष ने पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश


नई दिल्ली, 31 मई (हि.स.)।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम ऑन संडे’ अभियान के अंतर्गत आज नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने चाणक्यपुरी स्थित डिप्लोमैटिक एन्क्लेव ओनर्स एंड रेजिडेंट्स एसोसिएशन (डीईओआरए), मलचा मार्ग में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लिया।

इस अवसर पर स्थानीय निवासी, आरडब्ल्यूए पदाधिकारी, एनडीएमसी के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने अपनी माताओं के सम्मान में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में डीईओआरए के पदाधिकारी अशोक बहल, आदित्य टंडन, अंशु देवान एवं अवधेश सहित अनेक नागरिकों ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने कहा कि यह अभियान मां के प्रति सम्मान और प्रकृति संरक्षण को एक साथ जोड़ने का एक सराहनीय प्रयास है।

पौधारोपण से पूर्व कुलजीत सिंह चहल ने क्षेत्र के निवासियों एवं आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी जनहित के कार्यों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि यह अभियान केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि समाज को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने का एक जनआंदोलन है। एक पौधा लगाकर हम अपनी माँ को सम्मान देने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य की नींव भी रखते हैं।

उन्होंने बताया कि एनडीएमसी द्वारा पूरे वर्ष हर रविवार को विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। लगाए गए पौधों की देखभाल और उनके संरक्षण के लिए बागवानी, स्वास्थ्य, सिविल, सड़क, जलापूर्ति, जल निकासी एवं विद्युत विभाग मिलकर कार्य कर रहे हैं।

चहल ने यह भी जानकारी दी कि आगामी 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एनडीएमसी द्वारा विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने द्वारा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करें और पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से और मजबूत बनाएं।

इस अवसर पर कुलजीत सिंह चहल ने आरडब्ल्यूए को पक्षियों के लिए मिट्टी के पानी के बर्तन (परिंडे) भी भेंट किए। उन्होंने अपील की कि भीषण गर्मी के दौरान सभी नागरिक अपने घरों, पार्कों और आसपास के खुले स्थानों पर पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था अवश्य करें।

चहल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि पक्षियों और अन्य जीव-जंतुओं की देखभाल भी हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे गर्मी के मौसम में पक्षियों के लिए पानी के बर्तन रखें और उन्हें नियमित रूप से भरते रहें, ताकि अधिक से अधिक पक्षियों को राहत मिल सके।उन्होंने कहा कि स्वच्छ, हरित और विकसित भारत के निर्माण में नागरिकों की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा ऐसे अभियान ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव