home page

रोहिणी के विभिन्न पार्कों में सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रसंस्करण से निर्मित 25 पर्यावरण अनुकूल बेंच स्थापित

 | 
रोहिणी के विभिन्न पार्कों में सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रसंस्करण से निर्मित 25 पर्यावरण अनुकूल बेंच स्थापित


नई दिल्ली, 06 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने शुक्रवार को रोहिणी के विभिन्न पार्कों में सिंगल यूज प्लास्टिक से निर्मित 25 पर्यावरण अनुकूल बेंच स्थापित किए जाने पर खुशी जाहिर किया। उन्होंने ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक अपशिष्ट के प्रभावी प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य सिंगल यूज प्लास्टिक से उत्पन्न अपशिष्ट को उपयोगी उत्पादों में परिवर्तित करना तथा प्लास्टिक कचरे के वैज्ञानिक एवं प्रभावी प्रबंधन को प्रोत्साहित करना है। इन बेंचों को सार्वजनिक पार्कों में नागरिकों की सुविधा के लिए स्थापित किया गया है। ये बेंच लकड़ी से निर्मित बेंचों के एक बेहतर विकल्प के रूप में भी उपयोगी हैं, जिससे लकड़ी की खपत कम करने और पेड़ों के संरक्षण को बढ़ावा देने में सहायता मिलेगी।

इस परियोजना का क्रियान्वयन इंडियन पॉल्यूशन कंट्रोल एसोसिएशन (आईपीसीए) तथा केआईए सोशल कंट्रीब्यूशन के सहयोग से किया जा रहा है। यह पहल कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत संचालित की जा रही है। सहयोगी संस्थाएं प्लास्टिक अपशिष्ट के प्रसंस्करण, पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को बढ़ावा देने तथा सामुदायिक स्तर पर पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं।

महापौर ने कहा कि अपशिष्ट को उपयोगी संसाधन में परिवर्तित करना समय की आवश्यकता है। प्लास्टिक कचरे से उपयोगी वस्तुओं का निर्माण पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन तथा सतत शहरी विकास की दिशा में एक सार्थक कदम है। दिल्ली नगर निगम ऐसी अभिनव पहलों के माध्यम से स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

महापौर ने कहा कि इसी दिशा में निगम द्वारा पर्यावरण संरक्षण, कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार हेतु निरंतर नई-नई पहल की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि निगम का संकल्प है कि अपशिष्ट को बोझ नहीं, बल्कि उपयोगी संसाधन के रूप में परिवर्तित कर दिल्ली को स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण के अनुकूल शहर बनाया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी