द्वारका में चलते-चलते क्लस्टर बस में लगी आग, बड़ा हादसा टला, शॉर्ट सर्किट बनी वजह
नई दिल्ली, 29 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली के द्वारका सेक्टर-9 रेड लाइट के पास बुधवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब चलती क्लस्टर बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने बस को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई हताहत या घायल नहीं हुआ।
पुलिस के मुताबिक, 29 जुलाई की सुबह पुलिस थाना सेक्टर-23, द्वारका में पीसीआर कॉल के जरिए बस में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एसआई नवीन यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सेक्टर-9 द्वारका रेड लाइट स्थित सिंगला रेस्टोरेंट के पास डीटीसी सेक्टर-22 द्वारका डिपो की क्लस्टर बस धू-धू कर जलती मिली। मौके पर पहुंची दिल्ली दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया। पुलिस की जांच में सामने आया कि घटना के समय बस सेक्टर-22 द्वारका डिपो से द्वारका मोड़ एसटीएल जा रही थी। उस समय बस में कोई यात्री सवार नहीं था, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
घटनास्थल पर बस चालक चंदन सिंह और परिचालक विवेक दहिया मौजूद मिले। दोनों ने पुलिस को बताया कि बस में अचानक इंजन के हिस्से में वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना पूरी तरह दुर्घटनावश हुई और इसमें किसी व्यक्ति की लापरवाही या जानबूझकर किया गया कोई कृत्य शामिल नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही डीटीसी के वरिष्ठ अधिकारी, जिनमें एजीएम और डीजीएम भी शामिल थे, मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ था, जिसे जल्द ही सामान्य करा दिया गया। पूरे घटनाक्रम के दौरान स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में रही। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच जारी है और कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

