home page

डीयू की आशीमा अहलावत की एशियाई खेलों में जीत पर कुलपति ने दी बधाई, कहा ऐसी उपलब्धियों से मिलती है खिलाड़ियों को प्रेरणा

 | 
डीयू की आशीमा अहलावत की एशियाई खेलों में जीत पर कुलपति ने दी बधाई, कहा ऐसी उपलब्धियों से मिलती है खिलाड़ियों को प्रेरणा


नई दिल्ली, 30 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) की छात्रा आशीमा अहलावत का जापान के आइची-नागोया में आयोजित 2026 एशियाई खेलों में सिल्वर मेडल जीत पर डीयू कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने बधाई दी। उन्होंने कहा कि आशीमा अहलावत की इस उपलब्धि से देश के साथ ही दिल्ली विश्वविद्यालय का भी नाम रोशन हुआ है।

कुलपति ने कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियों से भावी खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलती है। कुलपति ने बताया कि आशीमा अहलावत दिल्ली विश्वविद्यालय के दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (डीएसई) में एमए की छात्रा हैं।

आशीमा अहलावत की खेल उपलब्धियों के बारे में जानकारी देते हुए दिल्ली विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स काउंसिल के निदेशक खेल डॉ अनिल कुमार कलकल ने बताया कि आशीमा अहलावत दिल्ली विश्वविद्यालय की उस महिला शूटिंग टीम की सदस्य भी रही, जिसने जीएनडीयू, अमृतसर (पंजाब) में अप्रैल 2026 में आयोजित 'ऑल इंडिया इंटर-यूनिवर्सिटी शूटिंग (महिला) टूर्नामेंट के ट्रैप इवेंट में टीम गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने बताया कि उसी इवेंट में आशीमा अहलावत ने व्यक्तिगत सिल्वर मेडल भी जीता था।

उल्लेखनीय है कि आशीमा अहलावत ने जापान के आइची-नागोया में आयोजित 2026 एशियाई खेलों में अपनी टीम की साथियों नीरू ढांडा और मनीषा कीर के साथ मिलकर महिलाओं के ट्रैप टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी