home page

एफआईआर के बाद डीयू ने तीन एलएलबी के छात्रों को किया निलंबित, कैंपस प्रवेश पर रोक

 | 
एफआईआर के बाद डीयू ने तीन एलएलबी के छात्रों को किया निलंबित, कैंपस प्रवेश पर रोक


नई दिल्ली, 28 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने मुखर्जी नगर में 23 सितंबर को हुई कथित छेड़छाड़ और पीछा करने की घटना के मामलें में तीन एलएलबी के छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की। दिल्ली पुलिस के एफआईआर दर्ज किए जाने के बाद दिल्ली विश्वविद्यालय ने लॉ सेंटर-II के छात्रों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

विश्वविद्यालय की ओर से सोमवार को जारी सूचना के अनुसार, तीनों छात्रों को दिल्ली विश्वविद्यालय अधिनियम, 1922 के अध्यादेश एक्स वी-बी के खंड 3(ई) के तहत उनके अध्ययन पाठ्यक्रम से निलंबित किया गया है। साथ ही, तीनों के दिल्ली विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश पर भी तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।

विश्वविद्यालय ने बताया कि यह कार्रवाई सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद की गई है। जारी दस्तावेज को गोपनीय एवं अत्यंत जरूरी के रूप में चिह्नित किया गया है। दस्तावेज का रेफरेंस नंबर पीसीटीओ/2026/1065 है।

उल्लेखनीय है कि 23 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे मुखर्जी नगर इलाके में दो महिला छात्रों के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ और पीछा करने की घटना हुई। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज किया है।

घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है। वीडियो में कथित तौर पर एक एसयूवी महिला छात्रों के पास आकर रुकती दिखाई देती है। इसके बाद वाहन में सवार लोगों द्वारा कथित रूप से अभद्र टिप्पणियां किए जाने का दावा किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी