home page

डीयू के किरोड़ीमल कॉलेज में आयोजित हुआ वार्षिक महोत्सव “सिंफनी”

 | 
डीयू के किरोड़ीमल कॉलेज में आयोजित हुआ वार्षिक महोत्सव “सिंफनी”


नई दिल्ली, 23 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के किरोड़ीमल कॉलेज में बुधवार शाम फॉरेन स्टूडेंट कमेटी ने वार्षिक महोत्सव “सिंफनी” का आयोजन किया। “वसुधैव कुटुंबकम: द वर्ल्ड इज वन फैमिली” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न देशों के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सांस्कृतिक विविधता की सुंदर मिसाल पेश की।

कार्यक्रम में दिल्ली विश्वविद्यालय की संस्कृति परिषद के अध्यक्ष एवं जनसंपर्क अधिकारी अनूप लाठर उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता कॉलेज के प्रिंसिपल प्रो. दिनेश खट्टर ने की। लाठर ने देश-विदेश के अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए बल्कि विद्यार्थियों के सांस्कृतिक और व्यक्तित्व विकास के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने छात्रों को अपने सपनों को साकार करने के लिए कड़ी मेहनत करने का संदेश दिया।

कॉलेज के प्रिंसिपल प्रो. दिनेश खट्टर ने अपने स्वागत भाषण में विभिन्न देशों से आए विद्यार्थियों और अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि किरोड़ीमल कॉलेज विश्व बंधुत्व की भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ विदेशी छात्रों के लिए बेहतर शैक्षणिक और सुविधाजनक वातावरण प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

इस अवसर पर प्रो. शालिनी बक्शी ने भी विदेशी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए दिल्ली विश्वविद्यालय और कॉलेज की प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम के अंत में फॉरेन स्टूडेंट कमेटी के संयोजक डॉ. वेदप्रकाश ने विदेशी छात्रों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। उन्होंने बताया कि कॉलेज द्वारा आगे एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम और तीन दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण भी आयोजित किया जाएगा।

उल्लेखनीय है किरोड़ीमल कॉलेज में वर्तमान में करीब 15 देशों के 80 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और भौगोलिक पृष्ठभूमि से आए इन विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में एकजुट होकर ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना को साकार किया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी