डीयू के संस्कृति परिषद ने किया अंतर-महाविद्यालयीय नाट्य प्रतियोगिता का आयोजन
नई दिल्ली, 17 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) की संस्कृति परिषद ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी महिला महाविद्यालय के सहयोग से 15–16 अक्टूबर को दो दिवसीय अंतर-महाविद्यालयीय नाट्य प्रतियोगिता का आयोजन किया। इसमें माइम के 25 और मिमिक्री के 42 प्रतिभागियों सहित कुल 67 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
श्यामा प्रसाद मुखर्जी महिला महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. नीलम गोयल ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए रचनात्मकता और व्यक्तित्व विकास में सांस्कृतिक गतिविधियों के महत्त्व पर प्रकाश डाला। प्रथम दिवस पर डॉ. प्रेरणा मल्होत्रा तथा द्वितीय दिवस पर अभिषेक टंडन ने पर्यवेक्षक की भूमिका निभाई।
मिमिक्री में हिंदी विभाग के निखिल भास्कर ने प्रथम, जीसस एंड मैरी महाविद्यालय अन्या सिंह ने द्वितीय और स्वामी श्रद्धानंद महाविद्यालय कशिश पांडेय ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया। वही, माइम में हंसराज कॉलेज ने प्रथम, भारती महाविद्यालय ने द्वितीय और भगिनी निवेदिता महाविद्यालय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि अनूप लाठर तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. राजेश सिंह और प्रो. रविंदर कुमार उपस्थित रहे। आयोजन की सफलता में नोडल अधिकारी डॉ. मुनेश और संकाय समन्वयक शिल्पा के योगदान की सराहना की गई।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

