डीटीसी बेड़े में 100 नई इलेक्ट्रिक बसें होगी शामिल, दिल्ली-हापुड़ बस सेवा होगी शुरू
नई दिल्ली, 19 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के बेड़े में 100 नई शून्य-उत्सर्जन इलेक्ट्रिक बसें शामिल होने जा रही है। इन बसों के शामिल होने के बाद दिल्ली में बसों की कुल संख्या बढ़कर लगभग 7,088 हो जाएगी, जिसमें 5,338 इलेक्ट्रिक और 1,750 सीएनजी बसें शामिल होंगी। इसके साथ ही दिल्ली देश में सबसे बड़े इलेक्ट्रिक बस बेड़े वाले शहर के रूप में अपनी स्थिति को और मजबूत करेगी।
उन्होंने गुरुवार को एक विज्ञप्ति जारी कर बताया कि इन 100 नई इलेक्ट्रिक बसों में 50 नौ मीटर और 50 बारह मीटर लंबाई वाली बसें शामिल होंगी। सुरक्षित, आरामदायक और सुलभ सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार ये लो-फ्लोर, वातानुकूलित बसें सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन, रियल-टाइम ट्रैकिंग सिस्टम और दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाओं सहित आधुनिक यात्री सुविधाओं से लैस होंगी।
मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि 100 नई इलेक्ट्रिक बसों को बेड़े में शामिल करना दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक सुगम और स्वच्छ मोबिलिटी समाधानों के माध्यम से बदलने की दिल्ली सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन के बस बेड़े का व्यापक और चरणबद्ध विस्तार किया जा रहा है। वित्त वर्ष 2028-29 तक दिल्ली में बसों की कुल संख्या लगभग 14,000 तक पहुंचाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक मोबिलिटी पर आधारित यह विस्तार सार्वजनिक परिवहन की कनेक्टिविटी को मजबूत करने, बस सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाने और स्वच्छ एवं टिकाऊ शहरी परिवहन के दीर्घकालिक विजन को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मंत्री बताया कि इलेक्ट्रिक बस बेड़े के विस्तार के साथ-साथ दिल्ली सरकार आनंद विहार आईएसबीटी और उत्तर प्रदेश के हापुड़ के बीच इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू कर अंतरराज्यीय सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी को भी मजबूत करने जा रही है। प्रस्तावित सेवा से दिल्ली, गाजियाबाद और हापुड़ के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को निर्धारित समय-सारिणी वाली, आरामदायक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। इस व्यवस्था के तहत डीटीसी द्वारा आनंद विहार आईएसबीटी-हापुड़ मार्ग पर 12 पूरी तरह इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अंतरराज्यीय बस सेवा के तहत आनंद विहार आईएसबीटी से बसें सुबह 5:15 बजे से 8:55 बजे तक तथा इसके बाद सुबह 11:55 बजे से दोपहर 3:35 बजे तक उपलब्ध होंगी। दोनों समयावधियों में बसों का संचालन 20 मिनट के अंतराल पर किया जाएगा। वापसी में हापुड़ से बसें सुबह 8:05 बजे से 11:45 बजे तक तथा इसके बाद दोपहर 2:45 बजे से शाम 6:25 बजे तक 20 मिनट के अंतराल पर संचालित होंगी।
इस मार्ग पर आनंद विहार आईएसबीटी से हापुड़ बस स्टेशन तक बसें घड़ौली-उत्तर प्रदेश बॉर्डर, डाबर, मोहन नगर, न्यू बस स्टैंड गाजियाबाद, ओल्ड गाजियाबाद बस स्टैंड, हापुड़ चुंगी, आईएमएस कॉलेज गाजियाबाद (डासना), मसूरी, छिजारसी-कुलीच नगर, पिलखुवा और निजामपुर सहित प्रमुख स्थानों से होकर गुजरेंगी।
क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने के महत्व पर जोर देते हुए मंत्री ने कहा कि डीटीसी की अंतरराज्यीय इलेक्ट्रिक बस सेवाओं का विस्तार दिल्ली की सीमाओं से बाहर भी यात्रियों को सुगम और भरोसेमंद सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रस्तावित आनंद विहार-हापुड़ बस सेवा से विशेष रूप से दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, कामकाजी पेशेवरों और दिल्ली, गाजियाबाद तथा हापुड़ के बीच आवागमन करने वाले अन्य यात्रियों को लाभ मिलेगा। मौजूदा संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए अंतरराज्यीय मार्गों पर इलेक्ट्रिक बसों का संचालन कर हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि टिकाऊ परिवहन व्यवस्था प्रभावी, सुलभ और यात्रियों की जरूरतों के अनुरूप भी हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

