home page

डीएमआरसी और सिंगापुर के प्रतिष्ठित संस्थान आईएनएसईएडी के बीच समझौता

 | 
डीएमआरसी और सिंगापुर के प्रतिष्ठित संस्थान आईएनएसईएडी के बीच समझौता


नई दिल्ली, 24 मार्च (हि.स.)। राजधानी की मेट्रो व्यवस्था को और आधुनिक तथा प्रभावी बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने सिंगापुर के विश्व प्रसिद्ध प्रबंधन संस्थान आईएनएसईएडी के साथ एक समझौता किया है। यह समझौता 23 मार्च को संपन्न हुआ।

डीएमआरसी से मिली जानकारी के अनुसार इस पहल का उद्देश्य मेट्रो क्षेत्र में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों के कौशल को बेहतर बनाना और उन्हें आधुनिक प्रबंधन तकनीकों से परिचित कराना है। इसके तहत भागीदारी और व्यवहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से पेशेवर दक्षता को बढ़ावा दिया जाएगा।समझौते पर डीएमआरसी के महानिदेशक घनश्याम बंसल और सिंगापुर संस्थान के एशिया परिसर के कार्यकारी शिक्षा प्रमुख प्रोफेसर समीर हसीजा ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक डॉ. विकास कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों का कहना है कि यह साझेदारी मेट्रो क्षेत्र में निरंतर विकास और आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, जिससे यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित सेवाएं मिल सके। समझौते के जरिए मेट्रो संचालन, रणनीति निर्माण, व्यापारिक दृष्टिकोण और यात्रियों की संतुष्टि जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं को और गहराई से समझने का अवसर मिलेगा। साथ ही, दिल्ली मेट्रो अकादमी और सिंगापुर स्थित संस्थान के बीच ज्ञान, विचार और अनुभवों का आदान-प्रदान भी सुगम होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी