home page

दिल्ली लक्ष्मी योजना में चार लाख से ज्यादा पंजीकरण, डेढ़ लाख आवेदन हुए जमा

 | 
दिल्ली लक्ष्मी योजना में चार लाख से ज्यादा पंजीकरण, डेढ़ लाख आवेदन हुए जमा


नई दिल्ली, 06 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत गुरुवार को चार लाख से ज्यादा (4,25,631) से महिलाओं ने पंजीकरण और लगभग डेढ़ लाख (1,49,941) आवेदन अंतिम रूप से जमा कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को शालीमार बाग स्थित ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपस्थित महिलाओं से संवाद कर योजना के पंजीकरण की प्रक्रिया एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। महिलाओं ने योजना के प्रति उत्साह व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया और उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण औक आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने शिविर में मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र महिला का आवेदन सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए ताकि किसी भी लाभार्थी को अनावश्यक कठिनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि योजना का लाभ अंतिम पात्र महिला तक सुगमता से पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने शालीमार बाग की विधायक के रूप में दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए आवेदन करने वाली पात्र महिलाओं के आवेदन पत्रों का परीक्षण किया और आवश्यक सत्यापन के उपरांत उन पर हस्ताक्षर भी किए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में यह उनका दायित्व है कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले और किसी भी स्तर पर प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ केवल आर्थिक सहायता का माध्यम नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता प्रदान करने का संकल्प है। वहीं स्वच्छता एवं बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार का लक्ष्य है कि दिल्ली का प्रत्येक नागरिक बेहतर सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सहजता से प्राप्त कर सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 1 अगस्त को शुरू हुई दिल्ली लक्ष्मी योजना में अब तक 4 लाख से ज्यादा महिलाओं ने अपना पंजीकरण कराया है। इस योजना के अंतर्गत महिलाओं के बैंक खातों में प्रतिमाह 2,500 की राशि सीधे हस्तांतरित की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि आपने अभी तक पंजीकरण नहीं कराया है, तो http://dly.delhi.gov.in पर लॉग इन करें। किसी भी प्रकार की कठिनाई होने पर अपने निकटतम पंजीकरण शिविर में अवश्य आए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव