home page

(लीड) मंत्री सिरसा और इंद्राज ने मुंगेशपुर गांव एवं बवाना औद्योगिक क्षेत्र में प्रदूषण संबंधी उपायों की समीक्षा की

 | 
(लीड) मंत्री सिरसा और इंद्राज ने मुंगेशपुर गांव एवं बवाना औद्योगिक क्षेत्र में प्रदूषण संबंधी उपायों की समीक्षा की


नई दिल्ली, 02 जून (हि.स.)। दिल्ली के उद्योग एवं पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने सामाजिक कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह के साथ मुंगेशपुर गांव का दौरा कर क्षेत्र में प्रदूषण एवं विकास संबंधी विभिन्न कार्यों की समीक्षा की। दौरे के दौरान मंत्री सिरसा ने स्थानीय निवासियों से संवाद किया, उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने तथा पर्यावरणीय स्थिति, नागरिक आधारभूत संरचना एवं क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की। स्थानीय निवासियों ने हरियाणा सीमा से सटे औद्योगिक इकाइयों से बढ़ते वायु प्रदूषण, खराब होती वायु गुणवत्ता तथा उसके जनस्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर अपनी चिंताएं व्यक्त कीं।

मंत्री सिरसा ने कहा कि दिल्ली सरकार का उद्देश्य विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन स्थापित करते हुए आगे बढ़ना है। इसी सोच के साथ, जनता की सक्रिय भागीदारी एवं सहयोग से हम एक स्वच्छ और बेहतर दिल्ली के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।

इस दौरान में दोनों मंत्रियों ने क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण करते हुए अधिकारियों के साथ पर्यावरणीय परिस्थितियों में सुधार, स्वच्छता बढ़ाने एवं सतत विकास को प्रोत्साहित करने के लिए चल रहे प्रयासों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने गंगा टोली मंदिर में आयोजित वार्षिक भंडारे में भाग लिया, जहां बालिकाओं को साइकिल वितरित की गई तथा महिलाओं के लिए कैंसर जांच एवं नेत्र परीक्षण स्वास्थ्य शिविरों का निरीक्षण किया गया। बावाना सेक्टर-5 में मंत्रियों ने स्थानीय निवासियों एवं उद्योग प्रतिनिधियों से संवाद कर सड़कों, स्वच्छता एवं जल निकासी जैसी आधारभूत एवं नागरिक सुविधाओं की स्थिति का आकलन किया। दौरे का समापन स्थानीय उद्योगपतियों के साथ वृक्षारोपण अभियान में सहभागिता के साथ हुआ, जिसने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित औद्योगिक विकास के प्रति साझा प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने कहा कि स्थानीय निवासियों की चिंताओं को सुनने के बाद क्षेत्र की पर्यावरणीय स्थिति की व्यापक समीक्षा की जा रही है और संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा कर उचित समाधान किया जाएगा। दौरे के अंतर्गत मुंगेशपुर स्थित वन भूमि के एक हिस्से का भी निरीक्षण किया गया। क्षेत्र में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने एवं हरित क्षेत्रों के विकास पर चर्चा की गई ताकि हरित आवरण को मजबूत किया जा सके, प्रदूषण को कम किया जा सके तथा ग्रामीण दिल्ली में पारिस्थितिक संतुलन को बेहतर बनाया जा सके।

इसके बाद मंत्री सिरसा ने दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं इंफ्रास्ट्रक्चर विकास निगम लिमिटेड (डीएसआईआईडीसी) अधिकारियों के साथ बावाना औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण कर वहां की आधारभूत संरचना, नागरिक सुविधाओं एवं जारी विकास कार्यों की स्थिति की समीक्षा की। औद्योगिक गतिविधियों, श्रमिकों एवं स्थानीय निवासियों को प्रभावित करने वाले विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की गई तथा औद्योगिक क्षेत्र में सुविधाओं के सुधार हेतु प्रस्तावित परियोजनाओं की समीक्षा की गई।

बावाना औद्योगिक क्षेत्र की स्थिति की समीक्षा करते हुए सिरसा ने कहा कि औद्योगिक विकास और पर्यावरणीय उत्तरदायित्व को साथ लेकर चलना आवश्यक है। हम बावाना में बेहतर औद्योगिक सुविधाओं, श्रमिकों एवं स्थानीय समुदायों के हित में आधारभूत संरचना, नागरिक सुविधाओं तथा भावी विकास परियोजनाओं की निरंतर समीक्षा कर रहे हैं। हमारा उद्देश्य ऐसे औद्योगिक तंत्र विकसित करना है जो पर्यावरण एवं आर्थिक विकास के अनुकूल हों। दौरे के दौरान स्थानीय निवासियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर संबंधित विभागों को आवश्यक अनुवर्ती कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव