home page

(लीड) तिरंगा यात्रा को मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी, देशभक्ति के रंग में रंगा कनॉट प्लेस

 | 
(लीड) तिरंगा यात्रा को मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी, देशभक्ति के रंग में रंगा कनॉट प्लेस


नई दिल्ली, 17 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी ) द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने इस मौके पर कहा कि तिरंगा यात्रा में शामिल हर दिल्लीवासी ने आज कनॉट प्लेस को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। युवाओं के हाथों में शान से लहराता तिरंगा और एक साथ गूंजता ‘वंदे मातरम्’ ऐसा दृश्य था, जिसने असंख्य वीरों के त्याग, बलिदान और देश के लिए उनके समर्पण को हम सभी के हृदय में फिर जीवंत कर दिया।

मुख्यमंत्री के साथ तिरंगा यात्रा में नई दिल्ली नगरपालिका अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी, उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल, परिषद के सदस्य दिनेश प्रताप सिंह, अनिल वाल्मीकि एवं सरिता तोमर, एनडीएमसी सचिव राहुल सिंह, एनडीएमसी के वरिष्ठ अधिकारी, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन और मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधि तथा समाज के विभिन्न वर्गों से आए नागरिक शामिल हुए।

“हर घर तिरंगा” अभियान के तहत आयोजित इस तिरंगा यात्रा में 6000 से अधिक एनडीएमसी के विद्यालयों के हजारों विद्यार्थियों और शिक्षकों, अभिभावकों, एनडीएमसी कर्मचारियों, विशिष्ट अतिथियों तथा समाज के विभिन्न वर्गों के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अत्यंत गर्व और उत्साह के साथ तिरंगा हाथ में लेकर कनॉट प्लेस के इनर सर्कल में एक साथ मार्च किया तथा देशभक्ति, एकता और राष्ट्रीय एकजुटता का संदेश दिया।

तिरंगा यात्रा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हाथों में तिरंगा लेकर चलना केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति प्रेम, गौरव, सम्मान और देशभक्ति की सामूहिक अभिव्यक्ति है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि यह तिरंगा यात्रा 'विकसित भारत' के निर्माण के संकल्प की यात्रा है और इसमें शामिल बड़ी संख्या में बच्चे और युवा भारत की नई ऊर्जा व सामर्थ्य के प्रतीक हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा’ के आह्वान को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनी है। तिरंगा हाथ में लेकर चल रहा प्रत्येक नागरिक ‘विकसित भारत @2047’ के राष्ट्रीय संकल्प से गहराई से जुड़ा हुआ है।

बच्चों और युवाओं को विकसित भारत का मुख्य आधार बताते हुए उन्होंने कहा कि जब देश के युवा पढ़ेंगे, नए विचार सोचेंगे और राष्ट्रहित में नवाचार करेंगे, तो भारत की प्रगति को एक नई दिशा और गति मिलेगी। उन्होंने पूर्ण विश्वास व्यक्त किया कि भारत हर क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए आने वाले समय में विश्व का नेतृत्व करेगा।

एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि आज जब स्कूली बच्चे, कॉलेज के विद्यार्थी और कर्मचारी, अधिकारी इस तिरंगा यात्रा में भाग ले रहे हैं, तो उनके मन में यह विश्वास है कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के प्रधानमंत्री के विजन तथा उनके नेतृत्व में परिकल्पित राष्ट्र निर्माण की भावना को साकार किया जा सकता है।

चहल ने बताया कि तिरंगा यात्रा कनॉट प्लेस के इनर सर्कल से होकर आगे बढ़ी। प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए, जिससे राजधानी के हृदयस्थल में राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति का प्रेरणादायक वातावरण बन गया। इनर सर्कल का एक पूरा चक्कर लगाने के बाद यात्रा का समापन हुआ। उन्होंने कहा कि एनडीएमसी के विद्यालयों के विद्यार्थियों और शिक्षकों की भागीदारी ने इस आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया। यह परिषद के युवा मनों में देशभक्ति, नागरिक चेतना और जिम्मेदार नागरिकता के मूल्यों को बढ़ावा देने के प्रयास को दर्शाता है। तिरंगा यात्रा ने समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को एक राष्ट्रीय प्रतीक के तहत एक साथ आने का मंच भी प्रदान किया। इससे यह संदेश और मजबूत हुआ कि तिरंगा प्रत्येक भारतीय की साझा पहचान, आकांक्षाओं और एकता का प्रतीक है।

कार्यक्रम का समापन नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा–2026’ अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने और राष्ट्रीय ध्वज को गर्वपूर्वक प्रदर्शित करने के नए आह्वान के साथ हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव