home page

देशबंधु कॉलेज के छात्रों ने दिल्ली के महापौर से की मुलाकात

 | 

नई दिल्ली, 18 मार्च (हि.स.)। शैक्षणिक संवाद के दौरान दिल्ली विश्वविद्यालय, देशबंधु कॉलेज के छात्रों के एक समूह ने निगम प्रशासन एवं जनसमस्याओं के समाधान की कार्यप्रणाली को समझने के उद्देश्य से दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह से महापौर कार्यालय में भेंट की।

इस अवसर पर महापौर ने छात्रों का स्वागत किया तथा शहरी प्रशासन की कार्यप्रणाली को समझने में उनकी रुचि की सराहना की। उन्होंने कहा कि युवाओं की भूमिका शहर के भविष्य के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण है और उन्हें नागरिक मुद्दों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

महापौर ने दिल्ली नगर निगम की संरचना एवं दायित्वों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया, जिसमें स्वच्छता, जन स्वास्थ्य, कचरा प्रबंधन, आधारभूत संरचना विकास तथा शिकायत निवारण तंत्र जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष प्रकाश डाला गया। उन्होंने यह भी बताया कि निगम विभिन्न विभागों एवं हितधारकों के साथ मिलकर नागरिकों को प्रभावी सेवाएं प्रदान करने के लिए किस प्रकार कार्य करता है।

महापौर ने छात्रों को यह भी जानकारी दी कि नागरिकों के लिए शिकायत दर्ज कराने एवं उनके त्वरित समाधान हेतु विभिन्न प्लेटफॉर्म उपलब्ध हैं, जिनमें डिजिटल पोर्टल एवं हेल्पलाइन सेवाएं शामिल हैं।

राजा इकबाल सिंह ने स्थानीय प्रशासन को सुदृढ़ बनाने में पारदर्शिता, जवाबदेही तथा नागरिक भागीदारी के महत्व पर बल दिया।

छात्रों ने कचरा प्रबंधन एवं आधारभूत संरचना के रखरखाव जैसे महत्वपूर्ण नागरिक मुद्दों पर अपने प्रश्न रखे। महापौर ने इन प्रश्नों के विस्तृत उत्तर देते हुए निगम द्वारा उठाए जा रहे व्यावहारिक कदमों एवं जारी पहलों की जानकारी साझा की।

महापौर राजा इकबाल सिंह ने छात्रों को जिम्मेदार नागरिक बनने तथा अपने-अपने समुदायों में नागरिक जागरूकता के दूत के रूप में कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी