home page

उप महापौर ने गाजीपुर लैंडफिल साइट का किया निरीक्षण, कचरा निस्तारण एवं पर्यावरणीय सुधार कार्यों की समीक्षा की

 | 
उप महापौर ने गाजीपुर लैंडफिल साइट का किया निरीक्षण, कचरा निस्तारण एवं पर्यावरणीय सुधार कार्यों की समीक्षा की


नई दिल्ली, 06 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता एवं पर्यावरण जागरूकता अभियान के अंतर्गत शनिवार को दिल्ली की उप महापौर डॉ. मोनिका पंत ने गाजीपुर लैंडफिल साइट का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा भी उपस्थित रही।

निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों ने लैंडफिल साइट पर चल रहे बायो-माइनिंग, कचरा निस्तारण, पर्यावरणीय सुधार तथा स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 के अंतर्गत किए जा रहे विभिन्न कार्यों का अवलोकन किया। अधिकारियों द्वारा साइट पर संचालित गतिविधियों, कचरा प्रसंस्करण की वर्तमान स्थिति तथा भविष्य की कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी भी दी गई।

उप महापौर डॉ. मोनिका पंत ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि गाजीपुर लैंडफिल साइट के शीघ्र एवं प्रभावी समाधान के लिए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा प्रदूषण नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

डॉ. मोनिका पंत ने कहा ने दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए दिल्ली नगर निगम निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि गाजीपुर लैंडफिल साइट का वैज्ञानिक एवं स्थायी समाधान निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। नागरिकों को बेहतर और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना निगम का संकल्प है।

स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कहा कि गाजीपुर लैंडफिल साइट से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है। निगम का उद्देश्य न केवल पुराने कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण सुनिश्चित करना है, बल्कि भविष्य में कचरे के प्रभावी प्रबंधन के लिए भी मजबूत व्यवस्था विकसित करना है। स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी भी अत्यंत आवश्यक है।

इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी क्षेत्रीय समस्याओं, स्थानीय आवश्यकताओं तथा उनके समाधान के संबंध में अपने सुझाव साझा दिए।

निरीक्षण के दौरान डेम्स समिति के अध्यक्ष संदीप कपूर तथा शाहदरा उत्तरी एवं शाहदरा दक्षिणी जोन के सम्मानित पार्षद उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि विश्व पर्यावरण दिवस की थीम के अंतर्गत दिल्ली नगर निगम द्वारा 5 जून से 12 जून, 2026 तक विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 6 जून को जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों के लिए अपशिष्ट प्रबंधन स्थलों का भ्रमण आयोजित किया गया। जिससे उन्हें स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त हो सके। इसके अतिरिक्त 7 जून से 12 जून तक चार-स्तरीय कचरा पृथक्करण, घरेलू कम्पोस्टिंग, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण तथा विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी