उप महापौर डॉ. मोनिका पंत ने घड़ौली वार्ड में का किया निरीक्षण, अतिक्रमण व अवैध डेयरियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
नई दिल्ली, 08 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली की उप महापौर डॉ. मोनिका पंत ने मंगलवार को घड़ौली वार्ड-194 का निरीक्षण कर क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अतिक्रमण, अवैध डेयरियों तथा सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं के संबंध में संबंधित विभागों को तत्काल एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत अम्मा ब्लॉक, आशीर्वाद अपार्टमेंट के निकट, जी.डी. कॉलोनी ए-ब्लॉक, घड़ौली क्षेत्र से हुई। उप महापौर ने मौके पर क्षेत्र की स्थिति का जायजा लेने के साथ स्थानीय नागरिकों से संबंधित समस्याओं की जानकारी ली तथा जीबीबी पॉइंट का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में अतिक्रमण के कारण सार्वजनिक स्थानों के प्रभावित होने का संज्ञान लेते हुए उप महापौर ने संबंधित अधिकारियों को अतिक्रमण स्थलों को चिन्हित कर नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने तथा क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार का अनधिकृत कब्जा नागरिकों की सुविधा एवं क्षेत्र की समुचित व्यवस्था में बाधा नहीं बनने दिया जाएगा।
स्वच्छता एवं सार्वजनिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को गंभीरता से लेते हुए डॉ. मोनिका पंत ने संबंधित विभागों को अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए उप महापौर ने पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को कार्रवाई करते हुए आवारा पशुओं को तत्काल पकड़ने एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उनके प्रबंधन की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डॉ. मोनिका पंत ने कहा कि अतिक्रमण, अवैध डेयरियां और सड़कों पर आवारा पशुओं की समस्या केवल स्वच्छता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा प्रभाव यातायात, पर्यावरण, सार्वजनिक स्वास्थ्य, नागरिक सुरक्षा और क्षेत्र के समग्र जीवन-स्तर पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं का प्रभावी समाधान केवल मौके पर कार्रवाई तक सीमित न रहकर स्थायी एवं व्यवस्थित समाधान की दिशा में होना चाहिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निरीक्षण के दौरान चिन्हित सभी समस्याओं पर समयबद्ध कार्रवाई की जाए।
उप महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में की गई कार्रवाई की नियमित समीक्षा की जाए, ताकि चिन्हित समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित हो सके और भविष्य में इनकी पुनरावृत्ति न हो।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद प्रियंका गौतम, ईस्ट जोन के उपायुक्त अजहरोद्दीन जहीरोद्दीन काजी, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

