home page

उपमहापौर डॉ. मोनिका ने सूरजमल विहार में किया पौधरोपण

 | 
उपमहापौर डॉ. मोनिका ने सूरजमल विहार में किया पौधरोपण


- डॉ. मोनिका ने नागरिकों से स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की

नई दिल्ली, 08 जून (हि.स.)। दिल्ली की उप-महापौर डॉ. मोनिका पंत के नेतृत्व में सोमवार को सूरजमल विहार स्थित सी-ब्लॉक शिव मंदिर पार्क में विशेष स्वच्छता अभियान एवं पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में स्वच्छता को बढ़ावा देना, नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा हरित एवं स्वच्छ दिल्ली के निर्माण के लिए जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना था।

इस दौरान पार्क एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया तथा स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उप-महापौर ने अभियान के दौरान उपस्थित नागरिकों से स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि जनसहभागिता से ही संभव है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व है कि वह अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय योगदान दे।

कार्यक्रम के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रेरित “एक पेड मां के नाम” अभियान के तहत उप-महापौर डॉ. मोनिका पंत एवं शाहदरा दक्षिण क्षेत्र की उपायुक्त वैरोकपम पुंशीबा सिंह द्वारा पार्क परिसर में पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

उप-महापौर ने कहा कि स्वच्छता और हरियाली एक विकसित, स्वस्थ एवं समृद्ध दिल्ली की आधारशिला हैं। दिल्ली सरकार के नेतृत्व में राजधानी को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। नगर निगम भी इसी संकल्प के साथ कार्य करते हुए ऐसे जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति प्रेरित कर रहा है।

उप-महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्कों एवं सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई, रखरखाव तथा हरित क्षेत्रों के संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सामूहिक सामाजिक उत्तरदायित्व है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

कार्यक्रम में शाहदरा दक्षिण क्षेत्र की उपायुक्त वैरोकपम पुंशीबा सिंह एवं वरिष्ठ अधिकारियों, पर्यावरण सहायकों तथा स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी