अंतरराज्यीय बस कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने से जुड़ी पहल की घोषणा
नई दिल्ली, 16 मार्च (हि.स.)। दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) अंतरराज्यीय कनेक्टिविटी को और अधिक मजबूत करने के लिए जल्द ही 17 मार्गों पर 50 पर्यावरण अनुकूल एसी 12 मीटर बसों को चलाने की तैयारी कर रहा है। इन बसों का संचालन 'एसोसिएशन ऑफ स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग्स' (एएसआरटीयू) द्वारा निर्धारित बेंचमार्क दरों के आधार पर किया जाएगा।
अंतरराज्यीय परिवहन सेवाओं के विस्तार के तहत दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) पहले ही दिल्ली से बड़ौत (उत्तर प्रदेश), दिल्ली से सोनीपत (हरियाणा), दिल्ली से धारूहेड़ा (हरियाणा) और दिल्ली से पानीपत (हरियाणा) जैसे प्रमुख मार्गों पर इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन शुरू कर दिया है, जिससे राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाके के बीच कनेक्टिविटी और ज्यादा बेहतर हुई है।
इसके अलावा इंटर-स्टेट रूट को और मजबूत बनाने के लिए नानकसर-दिल्ली–गाज़ियाबाद बस टर्मिनल, दिल्ली–रेवाड़ी, दिल्ली–करनाल, दिल्ली–रोहतक, दिल्ली–अलवर और दिल्ली–जेवर जैसे रूटों पर भी बस सेवाएं शुरू करने की योजना है। जिससे इन रूट पर रोजाना सफर करने वाले दैनिक यात्रियों के साथ क्षेत्रीय यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने में आसानी होगी।
दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि हमारी सरकार बेहतर बस कनेक्टिविटी के माध्यम से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। इसी पहल के तहत दिल्ली से कटरा (वैष्णो देवी), खाटू श्याम और अयोध्या जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए नई बस सेवा शुरू करने की भी योजना बनाई जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा की सुविधा उपलब्ध हो सकें।
मंत्री ने आगे बताया कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में रहने वाले बड़ी संख्या में पूर्वांचली प्रवासियों को ध्यान में रखते हुए दिल्ली और बिहार के बीच अंतरराज्यीय बस कनेक्टिविटी शुरू करने की संभावना पर विचार किया जा रहा है। इन सेवाओं को शुरू करने और दोनों क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी को और मजबूत करने के लिए जल्द ही राज्यों के बीच समझौता ज्ञापन करने की तैयारी चल रही है।
परिवहन मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार अंतरराज्यीय कनेक्टिविटी को और अधिक मजबूत करने और नागरिकों के लिए सुरक्षित और किफायती यात्रा सुनिश्चित कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके साथ ही हम प्रमुख धार्मिक स्थलों तक के लिए बस सेवाओं का तेजी से विस्तार कर रहे हैं, ताकि दिल्ली के श्रद्धालु देश भर में मौजूद धार्मिक आस्था के केंद्रों तक आसानी से यात्रा कर सकें।
उन्होंने ने कहा कि हमारी यह पहल दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के कुशल नेतृत्व में सार्वजनिक परिवहन के बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने, अंतरराज्यीय आवागमन का विस्तार करने और नागरिकों को विश्वसनीय और किफायती यात्रा विकल्प उपलब्ध कराने के व्यापक प्रयासों का एक हिस्सा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

