home page

वाहन चेकिंग के दौरान चोरी की स्कूटी बरामद, ट्रैफिक पुलिस की सतर्कता से खुलासा

 | 
वाहन चेकिंग के दौरान चोरी की स्कूटी बरामद, ट्रैफिक पुलिस की सतर्कता से खुलासा


नई दिल्ली, 02 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अशोक विहार इलाके से चोरी हुई होंडा एक्टिवा बरामद की है। जांच में सामने आया कि यह स्कूटी करोल बाग थाने में दर्ज चोरी के मामले से संबंधित है। ट्रैफिक पुलिस की सतर्कता से नियमित वाहन जांच के दौरान चोरी के वाहन का पता चला।

दिल्ली ट्राफिक पुलिस ने बुधवार को बताया कि अशोक विहार ट्रैफिक सर्किल के कर्मचारी कंप्यूटर मार्केट में नियमित वाहन जांच कर रहे थे। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने एक संदिग्ध स्कूटी को रोककर उसके दस्तावेज और नंबर की जांच की। नंबर का सत्यापन कराने पर वाहन के चोरी होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद स्कूटी को कब्जे में लेकर संबंधित थाना पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस के अनुसार, बरामद वाहन सफेद रंग की होंडा एक्टिवा है। यह करोल बाग थाने में दर्ज ई-एफआईआर संख्या 019520, दिनांक 20 अगस्त 2026 से संबंधित चोरी का वाहन है।

पुलिस के मुताबिक, वाहन की पहचान एएसआई रवि प्रकाश की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से हुई। उन्होंने जांच के दौरान स्कूटी को रोककर उसके नंबर का सत्यापन कराया, जिसके बाद चोरी की घटना का खुलासा हुआ।

अधिकारियों के अनुसार, डीसीपी ट्रैफिक नॉर्दर्न रेंज डॉ. सचिन कुमार सिंघल और अशोक विहार ट्रैफिक सर्किल के ट्रैफिक इंस्पेक्टर की निगरानी में क्षेत्र में वाहनों की सघन जांच की जा रही है। इसी अभियान के तहत कंप्यूटर मार्केट में वाहन जांच के दौरान यह कार्रवाई हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी