home page

पुलिस मुख्यालय में पिपिंग सेरेमनी, 145 पुलिसकर्मियों को सेवानिवृत्ति पर मानद पदोन्नति

 | 
पुलिस मुख्यालय में पिपिंग सेरेमनी, 145 पुलिसकर्मियों को सेवानिवृत्ति पर मानद पदोन्नति


नई दिल्ली, 30 मार्च (हि.स.)। पुलिस मुख्यालय में सोमवार को पिपिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया, जिसमें सेवानिवृत्त हो रहे 145 पुलिसकर्मियों को मानद पदोन्नति प्रदान की गई। यह समारोह पुलिस मुख्यालय के आदर्श ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया और इसमें पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों के परिवारजन भी शामिल हुए।

समारोह की अध्यक्षता पुलिस कमिश्नर सतीश गोलछा ने की। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिलकर कांस्टेबल से लेकर सब-इंस्पेक्टर तक के कर्मियों को उनके अगले मानद रैंक के बैज पहनाकर सम्मानित किया। दिल्ली पुलिस की ओर से दिसंबर में शुरू की गई इस योजना के तहत यह चौथा आयोजन था।

समारोह में अपने संबोधन में पुलिस कमिश्नर ने सेवानिवृत्त हो रहे कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सेवा केवल नौकरी नहीं बल्कि एक जुनून रही है। उन्होंने कहा कि 35 से 40 वर्षों तक लंबे समय तक कठिन परिस्थितियों में ड्यूटी निभाना गर्व की बात है। साथ ही उन्होंने पुलिसकर्मियों के परिवारों की भूमिका की भी सराहना की, जिन्होंने घर की जिम्मेदारियां संभालते हुए उनका साथ दिया। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी इन कर्मियों का दिल्ली पुलिस से रिश्ता खत्म नहीं होता बल्कि वे हमेशा पुलिस परिवार का हिस्सा रहेंगे। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को समाज और देश की सेवा में सक्रिय बने रहने का संदेश दिया और उनके स्वस्थ व सुखद जीवन की कामना की।

इस अवसर पर 10 हेड कांस्टेबलों को एएसआई, 38 एएसआई को सब-इंस्पेक्टर और 97 सब-इंस्पेक्टर को इंस्पेक्टर के मानद पद दिए गए। समारोह में वरिष्ठ अधिकारियों, सेवानिवृत्त कर्मियों और उनके परिजनों की मौजूदगी ने इसे यादगार बना दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी