दिल्ली मेट्रो में महिलाओं के स्वास्थ्य और कल्याण पर विशेष अभियान शुरू
नई दिल्ली, 10 दिसंबर (हि.स.)। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के सहयोग से बुधवार को दिल्ली के सुल्तानपुर मेट्रो स्टेशन पर महिलाओं और लड़कियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण पर केंद्रित एक महीने का विशेष अभियान शुरू किया। यह अभियान दिसंबर से जनवरी तक विभिन्न मेट्रो ट्रेनों और चयनित स्टेशनों में व्यापक जागरूकता गतिविधियों के रूप में चलाया जाएगा।
इस अभियान के तहत महिला सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य, डिजिटल समावेशन, पीसी एवं पीएनडीटी कानून, और टीबी उन्मूलन जैसे अहम विषयों पर संदेश प्रदर्शित किए जाएंगे, ताकि रोजाना मेट्रो का उपयोग करने वाली लाखों महिलाएं और लड़कियां इन महत्वपूर्ण मुद्दों से अवगत हो सकें।
कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने कहा कि दिल्ली मेट्रो जैसे बड़े सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क का उपयोग इन संदेशों को तेजी से और प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल से न केवल जागरूकता बढ़ेगी बल्कि शहर भर में महिलाओं और युवतियों को सशक्त बनाने में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य राजधानी में यात्रियों के बीच स्वास्थ्य-संबंधी महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद बढ़ाना और महिलाओं के लिए एक सुरक्षित, जागरूक और सहयोगी वातावरण तैयार करना है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

