home page

दिल्ली मेट्रो में लिफ्ट-एस्केलेटर सुरक्षा पर विशेष जागरूकता अभियान

 | 
दिल्ली मेट्रो में लिफ्ट-एस्केलेटर सुरक्षा पर विशेष जागरूकता अभियान


नई दिल्ली, 11 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिफ्ट और एस्केलेटर के सुरक्षित उपयोग को लेकर सप्ताहभर का विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है। यह अभियान सात से 13 अप्रैल तक पूरे मेट्रो नेटवर्क में चलाया जा रहा है।

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) के प्रवक्ता अनुज दयाल ने शनिवार को बताया कि दिल्ली मेट्रो देश में लिफ्ट, एस्केलेटर और ट्रैवलटर का सबसे बड़ा संचालन करने वाला तंत्र है। वर्तमान में मेट्रो नेटवर्क में 965 लिफ्ट, 1297 एस्केलेटर और 42 ट्रैवलटर संचालित हो रहे हैं। कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन विश्व का ऐसा मेट्रो स्टेशन है, जहां सबसे अधिक 53 एस्केलेटर लगे हुए हैं।

इस अभियान के तहत स्काउट और गाइड स्वयंसेवकों के साथ डीएमआरसी के कर्मचारी विभिन्न स्टेशनों पर तैनात किए गए हैं, जो हाथों में संदेश लिखे प्लेकार्ड लेकर यात्रियों को सुरक्षा नियमों की जानकारी दे रहे हैं। अधिक भीड़ वाले स्टेशनों पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। साथ ही यात्रियों को पर्चे बांटकर जरूरी सावधानियों के बारे में बताया जा रहा है।

अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को लिफ्ट और एस्केलेटर के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करना, दुर्घटनाओं से बचाव के उपाय बताना और बेहतर व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना है। बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष मार्गदर्शन की भी व्यवस्था की गई है।

डीएमआरसी ने यात्रियों को सलाह दी है कि लिफ्ट का उपयोग करते समय दरवाजों से दूरी बनाए रखें, जबरन दरवाजे न खोलें और किसी खराबी की स्थिति में अलार्म बटन का उपयोग करें। वहीं एस्केलेटर पर चढ़ते समय हैंडरेल पकड़ें, पीली रेखा के भीतर खड़े रहें, बच्चों को संभालकर रखें और गंतव्य पर पहुंचते ही तुरंत हट जाएं।

डीएमआरसी के अनुसार, लिफ्ट और एस्केलेटर के रखरखाव को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है, लेकिन कई बार यात्रियों की लापरवाही के कारण दुर्घटनाएं हो जाती हैं। इसी को देखते हुए इस तरह का विशेष अभियान शुरू किया गया है, ताकि यात्रा को और सुरक्षित बनाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी