home page

दिल्ली मेट्रो का कस्टमर सैटिस्फैक्शन सर्वे 15 जुलाई से होगा शुरू

 | 
दिल्ली मेट्रो का कस्टमर सैटिस्फैक्शन सर्वे 15 जुलाई से होगा शुरू


नई दिल्ली, 13 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) यात्रियों से सीधे संवाद स्थापित करने और मेट्रो सेवाओं को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से 15 जुलाई से 14 अगस्त 2026 तक 12वां ऑनलाइन कस्टमर सैटिस्फैक्शन सर्वे आयोजित करेगा। एक महीने तक चलने वाले इस सर्वे में मेट्रो से सफर करने वाले यात्री अपनी राय, सुझाव और शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। सर्वे के आधार पर डीएमआरसी भविष्य में मेट्रो की विभिन्न सेवाओं और सुविधाओं में आवश्यक सुधार करेगा।

डीएमआरसी के अनुसार, यह ऑनलाइन सर्वे 15 जुलाई (बुधवार) से शुरू होकर 14 अगस्त (शुक्रवार) तक चलेगा। इस दौरान इच्छुक यात्री डीएमआरसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर सर्वे में भाग ले सकेंगे। वेबसाइट के होम पेज पर दिए गए लिंक के माध्यम से यात्री अपनी प्रतिक्रिया दर्ज कर सकेंगे। सर्वे फॉर्म हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें आसानी से भाग ले सकें।

डीएमआरसी अधिकारियों ने बताया कि सर्वे का मुख्य उद्देश्य यात्रियों से मेट्रो की विभिन्न सेवाओं और सुविधाओं को लेकर विस्तृत फीडबैक प्राप्त करना है। इसके लिए एक व्यापक प्रश्नावली तैयार की गई है, जिसमें यात्रियों से अलग-अलग विषयों पर उनकी राय ली जाएगी। साथ ही उनसे यह भी पूछा जाएगा कि मेट्रो सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए वे क्या सुझाव देना चाहते हैं।

इस बार सर्वे में सात प्रमुख विषयों को शामिल किया गया है। इनमें मेट्रो स्टेशनों और सेवाओं की उपलब्धता व पहुंच, यात्रियों को मिलने वाली सुविधाएं, सूचना व्यवस्था, सेवाओं की गुणवत्ता, ग्राहक सेवा, मेट्रो स्टेशन के बाहरी क्षेत्र की व्यवस्था तथा सुरक्षा, संरक्षा और यात्रा के दौरान मिलने वाला आराम जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर फीडबैक लिया जाएगा।

डीएमआरसी का कहना है कि हर वर्ष आयोजित होने वाला यह सर्वे यात्रियों की अपेक्षाओं और अनुभवों को समझने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। सर्वे से प्राप्त सुझावों और प्रतिक्रियाओं का विश्लेषण कर यह तय किया जाएगा कि किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है और भविष्य में यात्रियों को और बेहतर सुविधाएं किस प्रकार उपलब्ध कराई जा सकती हैं।

अधिकारियों ने मेट्रो यात्रियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस सर्वे में भाग लें और अपने अनुभव साझा करें। डीएमआरसी का मानना है कि यात्रियों की भागीदारी से मिलने वाला फीडबैक मेट्रो सेवाओं को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और यात्री-अनुकूल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी