एमसीडी के 10 जोन में भाजपा अध्यक्ष बनने से विकास को मिली नई गति : हर्ष मल्होत्रा
नई दिल्ली, 15 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने बुधवार को कहा कि दिल्ली नगर निगम की वार्ड समिति (जोन) चुनाव के नतीजे दिल्ली के विकास के लिए ऐतिहासिक हैं। उन्होंने कहा कि निगम पार्षदों ने 12 में से 10 जोन में भाजपा के अध्यक्ष चुनकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के विकास एजेंडे पर विश्वास जताया है।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि शहरी सदर क्षेत्र के पार्षदों ने भाजपा का क्षेत्रीय अध्यक्ष चुनकर पुरानी दिल्ली को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की विकास यात्रा से जोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक जीत नहीं, बल्कि पुरानी दिल्ली के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि करीब 24 वर्ष बाद शहरी सदर क्षेत्र में भाजपा की उषा शर्मा क्षेत्रीय अध्यक्ष चुनी गई हैं। यह पुरानी दिल्ली के लिए एक नया इतिहास है। उन्होंने सभी पार्षदों और क्षेत्र के व्यापारियों तथा नागरिकों को विश्वास दिलाया कि भाजपा उनकी अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरी उतरेगी और पुरानी दिल्ली के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पश्चिम और दक्षिण दिल्ली के अधिकांश निगम पार्षदों ने भी अपने-अपने वार्डों को भाजपा के विकास एजेंडे से जोड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दिल्ली सरकार और नगर निगम के समन्वित प्रयासों से राजधानी के सभी क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
मल्होत्रा ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य राजनीतिक लाभ नहीं, बल्कि दिल्ली के प्रत्येक वार्ड तक बेहतर नागरिक सुविधाएं, स्वच्छता, आधारभूत ढांचा और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि मिलकर राजधानी की तस्वीर बदलने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

