home page

महापौर प्रवेश वाही ने भलस्वा लैंडफिल साइट एवं घोघा स्थित सीबीजी प्लांट का किया निरीक्षण

 | 
महापौर प्रवेश वाही ने भलस्वा लैंडफिल साइट एवं घोघा स्थित सीबीजी प्लांट का किया निरीक्षण


नई दिल्ली, 30 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली के नवनिर्वाचित महापौर प्रवेश वाही ने कार्यभार संभालते ही सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य करते हुए गुरुवार को भलस्वा लैंडफिल साइट का निरीक्षण किया और वहां चल रहे बायोमाइनिंग एवं बायो रेमेडिएशन कार्यों की जानकारी ली। इसके साथ ही महापौर ने घोघा स्थित सीबीजी प्लांट का भी निरीक्षण किया।

प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली को कूड़े के पहाड़ों से मुक्त करने के लिए हमारे प्रयास जारी हैं एवं बायोमाइनिंग कार्यों की समीक्षा के लिए निरंतर दौरे किए जा रहे हैं। दिसंबर 2026 के अंत तक भलस्वा लैंडफिल साइट पर बायोमिनिंग कार्य पूर्ण कर लेगेसी कचरे को निस्तारित कर दिया जाएगा।

प्रवेश वाही ने भलस्वा लैंडफिल साइट पर चल रहे लेगेसी कचरे के निस्तारण कार्य की प्रगति पर संतोष जताया लेकिन समय से लेगेसी कचरे के निस्तारण के लिए बायोमाइनिंग कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लेगेसी कचरे के निस्तारण के लिए अतिरिक्त मशीनरी को लगाया जाए।

महापौर ने कहा कि लेगेसी कचरे के निस्तारण के बाद लैंडफिल साइट पर हरित पट्टी विकसित करने के साथ-साथ लेगेसी कचरे के निस्तारण के पश्चात प्राप्त भूमि का उपयोग दिल्ली सरकार के साथ चर्चा करके जन हितैषी कार्यों के लिए किया जाएगा।

प्रवेश वाही ने बताया कि भलस्वा लैंडफिल साइट पर 73 लाख मीट्रिक टन लेगेसी कचरे का पहाड़ था। भलस्वा लैंडफिल साइट पर कचरे के निस्तारण का कार्य नवंबर 2022 में आरम्भ हुआ था और प्रथम चरण में 45 लाख मीट्रिक टन कचरे का निस्तारण किया गया। कचरे के निस्तारण का द्वितीय चरण दिसंबर 2024 में आरम्भ हुआ और लगभग 43.44 लाख मीट्रिक टन कचरे का निस्तारण और किया गया।

उन्होंने बताया कि भलस्वा लैंडफिल साइट पर अब लगभग 13.58 लाख मीट्रिक टन लेगेसी कचरा बचा है जिसे दिसंबर तक पूर्ण रूप से निस्तारित कर दिया जाएगा। भलस्वा लैंडफिल साइट पर लेगेेसी कचरे के पहाड़ की अधिकतम ऊंचाई 65 मीटर थी जोकि अब घटकर लगभग 30 मीटर रह गई है।

प्रवेश वाही ने घोघा स्थित सीबीजी प्लांट का भी निरीक्षण किया। महापौर ने इस दौरान सीबीजी प्लांट को सुचारू रूप से क्रियान्वयन में लाने के लिए सख्त निर्देश दिए। महापौर ने दिल्ली की जनता, आरडब्ल्यूए एवं बाजार संघों से अपील की कि कचरे को स्रोत पर ही गीले एवं सूखे कूड़े में पृथक किया जाए ताकि दिल्ली को कूड़ामुक्त बनाने की मुहिम में सफलता मिल सके। शत प्रतिशत कचरे का पृथककरण करने वाली आरडब्ल्यूए को प्रोत्साहित भी किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त संजीव खिरवार, अतिरिक्त आयुक्त अरुण कुमार मिश्रा, प्रमुख अभियंता पीसी मीणा, नरेला क्षेत्र के उपायुक्त राघवेंद्र मीणा सहित निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी