सच्ची आजादी सामाजिक सुधार से अलग नहीं हो सकती : तरनजीत सिंह संधू
नई दिल्ली, 24 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने कहा कि सच्ची आजादी सामाजिक सुधार से अलग नहीं हो सकती है। ये विचार उपराज्यपाल ने गुरुवार को गांधी आश्रम किंग्सवे कैंप दिल्ली में हरिजन सेवक संघ के 94वां स्थापना दिवस पर आयोजित सद्भावना सम्मेलन में कही।
उपराज्यपाल ने कहा कि महात्मा गांधी, डॉ. बीआर अंबेडकर, पंडित मदन मोहन मालवीय और सरदार तेजा सिंह समुंदरी ने अपने-अपने तरीके से जातिगत भेदभाव और छुआछूत का डटकर विरोध किया। उन्होंने न्याय, सद्भाव और मानवता की सेवा पर आधारित भारत के निर्माण के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान को दोहराया।
उपराज्यपाल ने कहा कि हमारे युवाओं को इन मूल्यों को आगे बढ़ाना होगा और एक ऐसे विकसित भारत का निर्माण करना होगा जहां सभी को सम्मान और अवसर मिलें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता हरिजन सेवक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष दादा शंकर सान्याल ने की। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री संजय पासवान, शिखा सान्याल, संघ की ट्रेजरी उर्मिला श्रीवास्तव, रंजना झा उपकुलाधिपति, सचिव निशा बाला त्यागी मौजूद रही। कार्यक्रम का संचालन संघ के सचिव संजय राय द्वारा किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

