home page

दिल्ली शराब घोटाला मामले में हाई काेर्ट के फैसले का भाजपा ने किया स्वागत

 | 
दिल्ली शराब घोटाला मामले में हाई काेर्ट के फैसले का भाजपा ने किया स्वागत


नई दिल्ली, 09 मार्च (हि.स.)। दिल्ली शराब घोटाले में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समेत अन्य आरोपितों को निचली अदालत द्वारा बरी किए जाने के खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की ओर से दायर याचिका पर उच्च न्यायालय द्वारा सुनवाई के लिए स्वीकार किए जाने के फैसले का भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने स्वागत किया है।

दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने सोमवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि उच्च न्यायालय में लंबी और तार्किक सुनवाई के बाद इस याचिका को स्वीकार किया गया है। उन्होंने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया भले ही लंबी हो, लेकिन अंततः सत्य की ही जीत होती है और दिल्ली में कथित शराब घोटाले के मामले में सच्चाई अदालत में सामने आएगी।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी निचली अदालत का सम्मान करती है, लेकिन जिस तरह उच्च न्यायालय ने सीबीआई अधिकारियों के खिलाफ की गई टिप्पणियों पर रोक लगाई है, उससे निचली अदालत के फैसले पर सवाल खड़े होते हैं।

वीरेंद्र सचदेवा के अनुसार कई वरिष्ठ वकीलों ने निचली अदालत के फैसले में कई कमियां बताई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जस्टिस रंजन गोगोई समिति की रिपोर्ट को दिल्ली सरकार ने नजरअंदाज किया और कुछ आरोपियों द्वारा फर्जी ई-मेल के जरिए जनमत बनाने की कोशिश की गई।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा चलाए जा रहे मामले को जारी रखने की अनुमति देकर उच्च न्यायालय ने न्यायिक प्रक्रिया को मजबूत किया है।

वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि निचली अदालत से बरी होना अंतिम फैसला नहीं होता। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पहले भी लालू यादव, ए. राजा, कांनीमाेझी जैसे नेताओं को निचली अदालतों से राहत मिली थी, लेकिन बाद में उन्हें सजा भी हुई।

दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि इस मामले में भी उच्च न्यायालय में होने वाली सुनवाई के बाद सच्चाई स्पष्ट हो जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी