home page

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” पर गौरी शंकर मंदिर में किया जलाभिषेक

 | 
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” पर गौरी शंकर मंदिर में किया जलाभिषेक


नई दिल्ली, 11 मई (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” के अवसर पर आयोजित सीधा प्रसारण कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने चांदनी चौक स्थित गौरी शंकर मंदिर में पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक कर भगवान महादेव से देशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में आज सम्पूर्ण राष्ट्र “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” मना रहा है। प्रधानमंत्री ने सोमनाथ मंदिर में पूर्ण विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक किया।

रेखा गुप्ता ने कहा कि सोमनाथ केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि भारत की अखंड आस्था, सांस्कृतिक स्वाभिमान और आध्यात्मिक शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अनेक आक्रमणों और विध्वंसों के बावजूद सोमनाथ का पुनर्निर्माण यह संदेश देता है कि भारत की संस्कृति, श्रद्धा और सनातन चेतना शाश्वत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी विश्वनाथ से केदारनाथ और महाकाल लोक से सोमनाथ तक, वर्तमान कालखंड भारत की सांस्कृतिक चेतना के पुनर्जागरण का साक्षी बन रहा है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी