मालवीय नगर अग्निकांड और साकेत भवन दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को 10 लाख और घायलों को 2 लाख की सहायता
नई दिल्ली, 12 जून (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मालवीय नगर अग्निकांड और साकेत भवन दुर्घटना में दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शुक्रवार को शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। साथ ही, घोषणा की कि दोनों घटनाओं में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को दिल्ली सरकार की ओर से 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त घायल व्यक्तियों को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज दिल्ली सचिवालय में आयोजित विशेष और भावुक गरिमामयी कार्यक्रम में मालवीय नगर (हौजरानी) में हुए भीषण अग्निकांड और साकेत (सैदुलाजाब) में हुई दर्दनाक इमारत ढहने की दुर्घटना में जान गंवाने वाले नागरिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपनी जान की परवाह किए बिना दूसरों की रक्षा करने वाले साहसी नागरिकों, पुलिसकर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बचावकर्मियों को 21 हजार रुपये के चेक और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मालवीय नगर के विधायक सतीश उपाध्याय और छतरपुर के विधायक करतार सिंह तंवर भी उपस्थित रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मालवीय नगर के हौजरानी अग्निकांड के दौरान साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए गद्दे बिछाकर कई लोगों की जान बचाने वाले रियाजुद्दीन मंसूरी को विशेष रूप से सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने उनके मानवीय प्रयासों की सराहना करते हुए उनके द्वारा उपयोग किए गए गद्दों के मूल्य की प्रतिपूर्ति के साथ-साथ प्रोत्साहन स्वरूप 21 हजार रुपये का चेक भी प्रदान किया। इस दौरान दोनों दुर्घटनाओं में दिवंगत हुए नागरिकों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत एवं सहायता राशि का वितरण शीघ्र, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए ताकि प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता मिल सके
मुख्यमंत्री ने दुर्घटनाओं में दिवंगत हुए लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि कुछ क्षण ऐसे होते हैं जो पूरे समाज की आत्मा को झकझोर देते हैं। मालवीय नगर अग्निकांड और साकेत भवन दुर्घटना ऐसी ही हृदयविदारक घटनाएं थीं, जिन्होंने अनेक परिवारों को असहनीय और कभी न पूरी होने वाली पीड़ा दी है। हौजरानी की घटना में जहां एक पूरा परिवार काल के गाल में समा गया, वहीं इलाज के लिए भारत आए विदेशी नागरिकों के परिवारों को भी इस त्रासदी का सामना करना पड़ा। यह पीड़ा केवल प्रभावित परिवारों की नहीं, बल्कि पूरे समाज और देश की है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे स्थानीय लोगों और अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि अगर संकट की उस घड़ी में त्वरित कार्रवाई न होती तो नुकसान और भी भयावह हो सकता था। सीमित संसाधनों के बावजूद जिस अदम्य साहस, सेवा और सामूहिक प्रयास का परिचय हमारे नागरिकों व पुलिसकर्मियों ने दिया, वह पूरी दिल्ली के लिए प्रेरणास्रोत है। दिल्ली सरकार मानवता की मिसाल पेश करने वाले ऐसे सभी नायकों को नमन करती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है। साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों, आपदा प्रबंधन तंत्र और जागरूकता को और मजबूत किया जाएगा।
सम्मानित होने वाले ‘मानवता के नायकों’ की सूची
इस अवसर पर साकेत भवन दुर्घटना के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले दक्षिण जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के जिला परियोजना अधिकारी चंदर प्रकाश, दिल्ली पुलिस के निरीक्षक रितेश कुमार शर्मा, कांस्टेबल मनीष कुमार जांगिड़, कांस्टेबल विवेक शाक्य, कांस्टेबल अंगद मीणा, स्थानीय निवासी कपिल गिरी, हरजीत कुमार और डॉ. रफीक खान को सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री द्वारा मालवीय नगर अग्निकांड के दौरान साहसपूर्वक बचाव कार्यों में योगदान देने वाले इसरार खान, कमल कुमार, शशि कुमार, पवन कुमार, राकेश कुमार, संजय गोयल, शिव कुमार, गोविंद, कुनाल, मोहम्मद उवैश, मोहम्मद अफजल, मोहम्मद अनीस, आमिर खान, वसीम राजा, मोहम्मद सोहैब खान, रियाजुद्दीन, निरीक्षक विनय यादव, हेड कांस्टेबल दिनेश, हेड कांस्टेबल करतार, हेड कांस्टेबल राजवीर, हेड कांस्टेबल देशराज, वसीम खान गौरी और राजपाल को भी सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सभी सम्मानित व्यक्तियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दिल्ली सरकार ऐसे साहसिक और मानवीय कार्यों को सदैव प्रोत्साहित करती रहेगी तथा मानवता की सेवा को सर्वोच्च मूल्य मानते हुए कार्य करती रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

