home page

मुख्यमंत्री ने शालीमार बाग में वॉटर एटीएम का किया उद्घाटन

 | 
मुख्यमंत्री ने शालीमार बाग में वॉटर एटीएम का किया उद्घाटन


नई दिल्ली, 22 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को शालीमार बाग विधानसभा के एयू ब्लॉक, सोम बाजार रोड, एए झुग्गी और सीए ब्लॉक में नए वॉटर एटीएम का उद्घाटन किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने यहां के नागरिकों को वॉटर एटीएम कार्ड भी वितरित किए।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक 5-स्टेज आरओ तकनीक से सुसज्जित ये वॉटर एटीएम हर घंटे 2000 लीटर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराएंगे। यह लोगों को साफ, सुरक्षित और आसान तरीके से पीने का पानी उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने कहा कि जल आपूर्ति को और मजबूत बनाने तथा हर घर तक साफ पानी पहुंचाने के लिए सरकार ने 9,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। यह विकसित दिल्ली के निर्माण की मजबूत नींव है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक साल से प्रतिदिन दिल्ली की जनता को किसी न किसी रूप में नया उपहार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि देश भीषण गर्मी के दौर से गुजर रहा है और पानी की कमी के कारण लोग परेशान थे उसके समाधान के लिए हमने दिल्ली में ये नया वॉटर एटीएम शुरु किया है। इस तरह का वॉटर एटीएम कार्ड हम हर झुग्गी परिवार को दे रहे हैं। इससे वो 20 लीटर पानी रोजाना अपने घर लेकर जा सकते हैं।

इस अवसर पर इंडियन ऑयल के अधिकारी और स्थानीय प्रतिनिधि सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव