home page

मुख्यमंत्री ने तरुण की हत्या के सभी दोषियों की गिरफ्तारी के दिए निर्देश

 | 
मुख्यमंत्री ने तरुण की हत्या के सभी दोषियों की गिरफ्तारी के दिए निर्देश


नई दिल्ली, 07 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि होली पर उत्तम नगर में युवक तरुण की जघन्य हत्या की यह घटना अत्यंत दर्दनाक, निंदनीय और पूरे समाज को झकझोर देने वाली है। उन्होंने कहा सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट में कहा कि दिल्ली में इस प्रकार की जघन्य आपराधिक और हिंसक घटनाओं के लिए शून्य सहनशीलता की नीति है। इस तरह की दरिंदगी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी दोषियों को तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं और उनके विरुद्ध कानून के अनुसार कठोरतम और शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस मामले में सख्त और उदाहरणात्मक कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी अमानवीय घटना करने का दुस्साहस न कर सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में दिल्ली सरकार पूरी संवेदना, जिम्मेदारी और दृढ़ता के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। मैं परिवार को हर संभव सहायता और न्याय दिलवाने के लिए कार्रवाई करुंगी। उन्होंने कहा कि तरुण के परिवार ने अपना जवान बेटा खोया है, उनके दुख को शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव