home page

(लीड़) महिलाएं हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं : रेखा गुप्ता

 | 
(लीड़) महिलाएं हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं : रेखा गुप्ता


नई दिल्ली, 17 मार्च (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मंगलवार को निर्मल छाया कॉम्प्लेक्स में आयोजित ‘नारी उत्सव’ कार्यक्रम में सम्मिलित हुईं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्तव्य, निस्वार्थ समर्पण और सेवा के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र का मार्ग प्रशस्त करने वाली सम्पूर्ण नारी शक्ति को वह नमन करती हैं। आज महिलाएं हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं और देश को ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की ओर अग्रसर कर रही हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने निर्मल छाया परिसर का दौरा कर विभिन्न योजनाओं, सेवाओं और सुविधाओं का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग की अनेक पहलों का शुभारंभ एवं अवलोकन किया और महिलाओं तथा बच्चों के समग्र सशक्तिकरण के प्रति दिल्ली सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति आज ग्रामीण उद्योगों से लेकर कॉर्पोरेट जगत, राजनीति से लेकर सेना तक हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रही है। इसी दृष्टि के अनुरूप दिल्ली सरकार भी महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तीकरण के तीन प्रमुख स्तंभों सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरतापर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि हर बेटी और बहन को सुरक्षित वातावरण मिलना चाहिए, किसी भी परिस्थिति में उसके सम्मान को ठेस नहीं पहुंचनी चाहिए, और हर महिला को अपने पैरों पर खड़े होकर आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने बताया कि आगामी 24 मार्च को पेश होने वाले दिल्ली सरकार के बजट में महिलाओं और बेटियों के लिए महत्वपूर्ण पहलें शामिल होंगी। उन्होंने विशेष रूप से सेल्फ हेल्प ग्रुप्स (एसएचजी) को सशक्त बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि दिल्ली में महिलाओं को छोटे-छोटे समूहों के माध्यम से रोजगार और उद्यमिता के अवसर प्रदान किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने महिला हाट जैसे प्लेटफॉर्म विकसित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया, जिससे महिलाओं को अपने उत्पादों और कौशल को प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें प्रभावी ढंग से लागू कर प्रत्येक जरूरतमंद तक पहुंचाना है। उन्होंने समाज के प्रति साझा जिम्मेदारी पर बल देते हुए कहा कि उपलब्ध संसाधनों का लाभ समाज के हर व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए, ताकि कोई भी भूखा, बेरोजगार या उपेक्षित न रहे।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने निर्मल छाया कॉम्प्लेक्स का विस्तृत निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने आफ्टर केयर होम फॉर वुमन, बालिका गृह और बाल निकेतन का दौरा कर यह सुनिश्चित किया कि वहां रहने वाली महिलाओं और बच्चों को उच्च गुणवत्ता की देखभाल, सुरक्षा और सुविधाएं मिल रही है। साथ ही उन्होंने बच्चों से संवाद कर उन्हें बैग एवं अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की। उन्होंने सुरक्षा, पोषण एवं देखभाल से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने संकल्प हब का निरीक्षण किया, जहां मिशन शक्ति के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा, जागरूकता और सशक्तिकरण से जुड़ी गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया। साथ ही उन्होंने सेल्फ हेल्प ग्रुप द्वारा संचालित ‘महिला हाट’ का अवलोकन किया, जहां स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री के साथ ‘श्री अन्न (मिलेट्स)’ पर आधारित पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया।

मुख्यमंत्री ने डब्ल्यूसीडी-डीएसईयू के तहत प्रशिक्षित महिलाओं से संवाद किया और आज से 10 स्थानों पर शुरू हुई एसएचजी द्वारा संचालित कैंटीनों की सराहना करते हुए इसे महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने वाला एक सशक्त मॉडल बताया।

मुख्यमंत्री ने समर्थ आंगनवाड़ी का निरीक्षण किया, जिसमें बहुआयामी गतिविधियों, इंफ्रास्ट्रक्चर अपग्रेडेशन और स्वास्थ्य एवं वेलनेस सेवाओं का प्रदर्शन किया गया। उन्होंने महिलाओं के लिए निवारक स्वास्थ्य जांच, वेलनेस परामर्श और मेंस्ट्रुअल हाइजीन से संबंधित जागरूकता कार्यक्रमों की भी समीक्षा की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘गिव टू गेन’ पहल के तहत सरकारी और निजी संस्थाओं के साथ मिलकर काम करने की बात कही। इस पहल के जरिए आंगनवाड़ी केंद्रों और बाल देखभाल संस्थानों को और मजबूत बनाया जाएगा। इसके तहत सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनें लगाई जाएंगी, केंद्रों के ढांचे को बेहतर किया जाएगा, मोबाइल हेल्थ सेवाएं बढ़ाई जाएंगी और बच्चों व महिलाओं के लिए नए कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे। साथ ही महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों के लिए रोजगार के नए मौके भी बनाए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव