home page

दिल्ली भाजपा ने पांच जिलों में निकालीं तिरंगा यात्रा, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प

 | 
दिल्ली भाजपा ने पांच जिलों में निकालीं तिरंगा यात्रा, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प


नई दिल्ली, 13 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्ली भाजपा के बाहरी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, करोलबाग, केशवपुरम और शाहदरा जिलों में गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया। इन यात्राओं में भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों और हजारों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लेकर राष्ट्रभक्ति, एकता और अखंडता का संदेश दिया।

बाहरी दिल्ली में सांसद योगेन्द्र चांदोलिया के नेतृत्व में पोल स्टार स्कूल, सेक्टर-2 से बालेश्वर मंदिर तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। दिल्ली भाजपा की सह प्रभारी एवं सांसद डॉ. अल्का गुर्जर यात्रा में शामिल हुईं। इस दौरान विधायक राजकुमार चौहान, मनोज शौकीन, गजेन्द्र दराल, जिलाध्यक्ष विक्रम गुप्ता, वरिष्ठ नेता विनय रावत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

डॉ. अल्का गुर्जर ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प है। उन्होंने लोगों से देशभक्ति की इस लहर से जुड़कर भारत को विश्व गुरु बनाने में योगदान देने की अपील की।

योगेन्द्र चांदोलिया ने कहा कि बाहरी दिल्ली की तिरंगा यात्रा देशभक्ति का अद्भुत संगम है। तिरंगा शहीदों के बलिदान का प्रतीक है और राष्ट्र प्रथम का संदेश देता है। उन्होंने यात्रा की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं और नागरिकों को बधाई देते हुए विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लेने की अपील की।

उत्तर-पूर्वी जिले में सांसद मनोज तिवारी के नेतृत्व में जिला कार्यालय, यमुना विहार से घौंडा चौक तक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें प्रदेश महामंत्री मोहनलाल गिहारा, विधायक अजय महावर और सूर्यप्रकाश खत्री, एनडीएमसी सदस्य दिनेश प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष डॉ. यू.के. चौधरी, प्रदेश मंत्री गौरव खारी और वरिष्ठ नेता बृजेश राय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

मनोज तिवारी ने कहा कि तिरंगा केवल कपड़े का टुकड़ा नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के राष्ट्र समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा युवाओं को देश सेवा की प्रेरणा देगी। उन्होंने तिरंगे की लाज रखने, देश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार करने की अपील की।

करोलबाग जिले में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम और दिल्ली भाजपा महामंत्री विष्णु मित्तल के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष आदेश गुप्ता, जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र बब्बर, प्रदेश मंत्री अभिषेक टंडन और निगम पार्षद मनीष चड्ढा सहित अन्य नेता शामिल हुए।

विष्णु मित्तल ने कहा कि तिरंगा देश की एकता का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर हर घर और दुकान पर तिरंगा लहराना शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि है।

केशवपुरम जिले में दिल्ली भाजपा महामंत्री योगिता सिंह के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में जिलाध्यक्ष अजय खटाना, विधायक राजकुमार भाटिया एवं पूनम भारद्वाज, वरिष्ठ निगम पार्षद मुकेश गोयल और योगेश वर्मा सहित अन्य नेता शामिल हुए। योगिता सिंह ने कहा कि केशवपुरम की तिरंगा यात्रा ने राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया है और सभी से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

साथ ही शाहदरा जिले में जिलाध्यक्ष दीपक गाबा के नेतृत्व में लवली पब्लिक स्कूल से विकास मार्ग तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें विधायक अभय वर्मा, अरविंदर सिंह लवली, ओमप्रकाश शर्मा, संजय गोयल और डॉ. अनिल गोयल सहित अन्य नेता शामिल हुए। दीपक गाबा ने कहा कि यह यात्रा देशभक्ति और एकता का संदेश देती है। उन्होंने तिरंगे का मान बढ़ाने और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी