home page

दिल्ली भाजपा ने नितिन नवीन के खिलाफ सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर पुलिस में दी शिकायत

 | 
दिल्ली भाजपा ने नितिन नवीन के खिलाफ सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर पुलिस में दी शिकायत


नई दिल्ली, 26 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली के तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी के नेतृत्व में मध्य दिल्ली के पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह से मुलाकात कर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के संबंध में कांग्रेस के सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित झूठी एवं भ्रामक पोस्ट को लेकर शिकायत पत्र सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल में दिल्ली भाजपा के महामंत्री विष्णु मित्तल और अधिवक्ता संकेत गुप्ता भी शामिल रहे।

शिकायत में सोशल मीडिया पर नितिन नवीन के दक्षिण भारत दौरे के दौरान श्रवण माह में मांसाहारी भोजन करने संबंधी कथित भ्रामक प्रचार को लेकर जांच और कार्रवाई की मांग की गई।

रामवीर सिंह बिधूड़ी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी जैसे विपक्षी दल राजनीतिक रूप से भाजपा का मुकाबला करने में असमर्थ होने के कारण सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और इंफ्लुएंसर्स के माध्यम से भाजपा एवं उसके नेताओं को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं।

बिधूड़ी ने कहा कि विपक्ष द्वारा कितना भी कुप्रचार किया जाए, वह सफल नहीं होगा। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी