home page

हर्ष मल्होत्रा ने 400 यूनिट तक बिजली उपभोक्ताओं को मुफ्त सोलर सिस्टम देने के फैसले का किया स्वागत

 | 
हर्ष मल्होत्रा ने 400 यूनिट तक बिजली उपभोक्ताओं को मुफ्त सोलर सिस्टम देने के फैसले का किया स्वागत


नई दिल्ली, 02 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सरकार द्वारा 400 यूनिट तक बिजली खपत करने वाले सभी उपभोक्ताओं को निःशुल्क सोलर पावर सिस्टम देने की घोषणा का स्वागत किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस फैसले से दिल्लीवासी सौर ऊर्जा के उपयोग के साथ-साथ अतिरिक्त बिजली पावर डिस्कॉम को बेचने में भी रुचि लेंगे।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि निःशुल्क सोलर पावर सिस्टम उपलब्ध कराने का निर्णय भाजपा सरकार की दीर्घकालिक सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सोलर सिस्टम लगाने की लागत सामान्य और मध्यम वर्ग के उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ी बाधा थी। सरकार ने इस समस्या को समझते हुए इसे निःशुल्क उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा कि शुरुआत में यह योजना निःशुल्क वितरण के रूप में दिखाई दे सकती है, लेकिन इसके दूरगामी परिणाम होंगे। सौर ऊर्जा के बढ़ते इस्तेमाल से आने वाले समय में दिल्ली सरकार पर बिजली सब्सिडी का बोझ कम होगा। इससे न केवल योजना पर होने वाले खर्च की भरपाई में मदद मिलेगी, बल्कि पावर डिस्कॉम को भी अपेक्षाकृत सस्ती बिजली उपलब्ध हो सकेगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आम आदमी पार्टी की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सरकार द्वारा वर्ष 2016 में सोलर पावर योजना शुरू किए जाने के दावे पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार की 2016 में लाई गई दिल्ली सोलर पावर योजना भी अन्य लोकलुभावन योजनाओं की तरह प्रभावी साबित नहीं हुई।

मल्होत्रा ने दावा किया कि वर्ष 2016 से 2024 के बीच करीब नौ वर्षों में केवल लगभग 5,350 छोटे-बड़े बिजली उपभोक्ताओं ने ही इस योजना में रुचि दिखाई। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट होता है कि पिछली सरकार की सोलर पावर योजना जमीनी स्तर पर अपेक्षित प्रभाव नहीं छोड़ सकी।

उन्होंने आम आदमी पार्टी के नेताओं से सवाल किया कि यदि वर्ष 2016 में शुरू की गई सोलर पावर योजना इतनी प्रभावी थी, तो नौ वर्षों में केवल करीब 5,350 बिजली उपभोक्ता ही इससे क्यों जुड़े? उन्होंने कहा कि दिल्ली की मौजूदा भाजपा सरकार सौर ऊर्जा को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में ठोस कदम उठा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी