home page

दिल्ली भाजपा मनाएगी आजादी का जश्न, 9 से 15 अगस्त तक होंगे कार्यक्रम

 | 
दिल्ली भाजपा मनाएगी आजादी का जश्न, 9 से 15 अगस्त तक होंगे कार्यक्रम


नई दिल्ली, 08 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली प्रदेश की ओर से 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 9 से 15 अगस्त तक जिला एवं मंडल स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इनमें तिरंगा यात्रा, शहीद स्मारकों की स्वच्छता एवं माल्यार्पण, शहीद परिवारों का सम्मान, विभाजन विभीषिका दिवस तथा स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण कार्यक्रम प्रमुख हैं।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने बताया कि 9 अगस्त को ‘अंग्रेजों भारत छोड़ो दिवस’ से स्वतंत्रता दिवस सप्ताह की शुरुआत होगी। उन्होंने कहा कि सप्ताह भर दिल्ली के विभिन्न जिलों एवं मंडलों में देशभक्ति और राष्ट्रसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इन कार्यक्रमों के संयोजन एवं संचालन की जिम्मेदारी प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल को दी गई है। प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील यादव एवं सारिका जैन तथा पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष संतोष ओझा सह-संयोजक के रूप में उनका सहयोग करेंगे।

स्वतंत्रता दिवस सप्ताह की शुरुआत 9 अगस्त को सुबह 9:30 बजे सांसद बांसुरी स्वराज मालवीय नगर में पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर करेंगी। इसके बाद सुबह 10:15 बजे पिलंजी गांव से ग्रेटर कैलाश तक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।

दिल्ली भाजपा महामंत्री एवं कार्यक्रम संयोजन टीम के संयोजक विष्णु मित्तल के अनुसार, 9 अगस्त को राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, सांसद योगेंद्र चांदोलिया, सांसद कमलजीत सहरावत, बांसुरी स्वराज, मंत्री रविन्द्र इंद्राज सिंह, विधायक अजय महावर सहित प्रदेश के वरिष्ठ पदाधिकारी विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

हर्ष मल्होत्रा ने बताया कि 9 से 15 अगस्त के बीच दिल्ली भाजपा द्वारा मंडल स्तर तक कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें दिल्ली के शहीद स्मारकों पर स्वच्छता अभियान और शहीदों की प्रतिमाओं पर वरिष्ठ नेताओं एवं सांसदों द्वारा माल्यार्पण। जिला एवं मंडल स्तर पर तिरंगा यात्राओं का आयोजन, जिनका नेतृत्व राष्ट्रीय नेता, सांसद, विधायक, वरिष्ठ पदाधिकारी एवं निगम पार्षद करेंगे। शहीद परिवार मिलन एवं सम्मान कार्यक्रम, जिसके तहत पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी शहीदों के घर जाकर उनके परिवारों से मुलाकात करेंगे और उन्हें सम्मानित करेंगे। 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस के अवसर पर दिल्ली के सभी 14 जिलों में संगोष्ठियों और मौन जुलूसों का आयोजन और 15 अगस्त को लाल किले पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ स्वतंत्रता दिवस ध्वजारोहण समारोह में शामिल होकर उनका संबोधन सुनना शामिल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी