महिला से दुर्व्यवहार के मामले में आआपा विधायक वीरेन्द्र कादयान पर भाजपा का हमला, कार्रवाई की मांग की
नई दिल्ली, 31 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली के प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक नितिन त्यागी ने दिल्ली कैंट से आम आदमी पार्टी (आआपा) के विधायक वीरेन्द्र कादयान और उनके पुत्र अंकित कादयान पर एक महिला फूल विक्रेता के साथ कथित मारपीट और उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।
नितिन त्यागी ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में दावा है कि आआपा विधायक के स्टाफ ने महिला के स्टॉल से फूलों का एक गुलदस्ता मंगवाया, लेकिन भुगतान नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब महिला ने अपने पैसे मांगे तो उसका फूलों का स्टॉल दिल्ली कैंट बोर्ड के अधिकारियों से हटवा दिया गया।
नितिन त्यागी ने बताया कि जब महिला शिकायत लेकर विधायक के आवास पहुंची, जहां विधायक के पुत्र अंकित कादयान और उनके साथियों ने कथित तौर पर महिला से मारपीट की। त्यागी ने यह भी आरोप लगाया कि महिला के साथ उसका दो वर्षीय बच्चा भी मौजूद था। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में पुलिस ने कई दिनों तक एफआईआर दर्ज नहीं की और बाद में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं के दबाव के बाद मामला दर्ज किया गया।
नितिन त्यागी ने कहा कि शनिवार सुबह करोल बाग भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) से मुलाकात कर विधायक और उनके पुत्र के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करेगा।
उन्होंने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से भी सवाल करते हुए कहा कि यदि आरोप सही हैं, तो संबंधित विधायक के खिलाफ पार्टी कब कार्रवाई करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

