home page

दिल्ली में अगले साल शुरू होंगे दो अस्पताल, 40 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोलने का भी लक्ष्य

 | 
दिल्ली में अगले साल शुरू होंगे दो अस्पताल, 40 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोलने का भी लक्ष्य


नई दिल्ली, 25 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि अगले साल सिरसपुर और हस्तसाल में दो बड़े अस्पताल शुरू हो जाएंगे। इन दोनों अस्पतालों में कुल 1,815 बेड होंगे, जिससे राजधानी की स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ी मजबूती मिलेगी। साथ ही 40 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर अगले महीने भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के 102वें जन्मदिवस के अवसर खोलने का लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पतालों और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी सभी परियोजनाएं तय समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का उद्देश्य राजधानी के प्रत्येक नागरिक को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार केवल नए अस्पताल बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि मरीजों को अस्पतालों में बेहतर उपचार, आधुनिक चिकित्सा उपकरण, पर्याप्त डॉक्टर और अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपलब्ध हों। सरकार प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूत कर रही है ताकि लोगों को सामान्य बीमारियों के उपचार के लिए दूर न जाना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य परियोजनाओं में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो और जनहित से जुड़े कार्यों में पूरी जिम्मेदारी, तत्परता और संवेदनशीलता के साथ काम किया जाए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सिरसपुर में 1,164 बेड का अस्पताल तैयार हो चुका है। अस्पताल के लिए चिकित्सा उपकरणों की खरीद प्रक्रिया चल रही है, जिसे जनवरी के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य है। हस्तसाल में 651 बेड के अस्पताल का निर्माण भी लगभग पूरा होने को है। इसे भी अगले वर्ष शुरू कर दिया जाएगा। दोनों अस्पतालों के शुरू होने से आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता बढ़ेगी और मौजूदा अस्पतालों पर रोगियों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि दिल्ली में कुल 1,139 आयुष्मान आरोग्य मंदिर विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें 415 केंद्र संचालित हो रहे हैं। सरकार ने अगले माह और 40 केंद्रों को शुरू करने का लक्ष्य रखा है। साथ ही, अधिक रोगी आने वाले आरोग्य मंदिरों में दो पारियों में सेवाएं शुरू करने की योजना पर काम चल रहा है ताकि लोगों को स्थानीय स्तर पर समय पर उपचार मिल सके।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार मादीपुर और ज्वालापुरी में भी 691-691 बेड के अस्पताल विकसित कर रही है। दोनों परियोजनाओं की निर्माण अवधि वर्ष 2028 तक निर्धारित है। मादीपुर अस्पताल 466.50 करोड़ रुपये और ज्वालापुरी अस्पताल 484.04 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे हैं। इसके अलावा मौजूदा अस्पतालों में भी मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। रोहिणी स्थित बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल में 463 बेड का मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य ब्लॉक विकसित किया जा रहा है। ओपीडी ब्लॉक उद्घाटन के लिए तैयार है। राव तुला राम मेमोरियल अस्पताल में 270 बेड का मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य ब्लॉक और लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल, खिचड़ीपुर में 460 बेड का मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य ब्लॉक लगभग पूरा हो चुका है। इन्हें जल्द शुरू करने की प्रक्रिया चल रही है।

लोकनायक अस्पताल और मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज परिसर के एकीकृत पुनर्विकास की योजना पर भी काम चल रहा है। परियोजना के तहत योजना और निर्माण सहित लगभग 30 माह की अवधि निर्धारित की गई है। यमुनापार के गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल, राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट और मानव व्यवहार एवं संबद्ध विज्ञान संस्थान (आईएचबीएएस) को एक साझा संस्थागत ढांचे के अंतर्गत लाने का कार्य जारी है। इस व्यवस्था से विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं और संस्थानों की कार्यक्षमता को मजबूत करने का लक्ष्य है।

उन्होंने यह भी बताया कि मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में इंदिरा गांधी अस्पताल, द्वारका और गुरु गोबिंद सिंह सरकारी अस्पताल में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की योजना है। दोनों में 150-150 एमबीबीएस सीटें प्रस्तावित हैं। बाबा साहेब अंबेडकर मेडिकल कॉलेज में सीटें 125 से बढ़ाकर 200 और मौलाना आजाद दंत विज्ञान संस्थान में 50 से बढ़ाकर 70 करने की प्रक्रिया चल रही है। इन प्रयासों से स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ चिकित्सा शिक्षा और विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था को अधिक सक्षम बनाने के लिए अस्पतालों के बुनियादी ढांचे, चिकित्सा सुविधाओं, उपकरणों और मानव संसाधन को एक साथ मजबूत किया जा रहा है। नए अस्पतालों के निर्माण और मौजूदा अस्पतालों के विस्तार के साथ यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं मिलें तथा चिकित्सा सेवाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग सभी परियोजनाओं की नियमित निगरानी कर रहा है और निर्माण, उपकरणों की खरीद तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध पूरा करने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव