home page

दिल्ली ने साइबर सुरक्षा ढांचे को और मजबूत किया : डॉ. पंकज कुमार सिंह

 | 
दिल्ली ने साइबर सुरक्षा ढांचे को और मजबूत किया : डॉ. पंकज कुमार सिंह


नई दिल्ली, 25 जून (हि.स.)। दिल्ली के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि आज के डिजिटल युग में सरकारी डेटा की सुरक्षा केवल एक तकनीकी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के प्रति हमारी जवाबदेही भी है। उन्होंने कहा कि हम सरकारी डेटा और नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही डिजिटल सेवाओं की सुरक्षा के लिए अपनी साइबर सुरक्षा व्यवस्था को निरंतर सुदृढ़ कर रहे हैं।

यह बातें मंत्री ने गुरुवार को दिल्ली सचिवालय में 'राज्य डेटा के लिए साइबर सुरक्षा ढांचे को सुदृढ़ बनाने' विषय पर राज्य स्तरीय परामर्श कार्यशाला का उद्घाटन करते हुए कही। इस कार्यशाला का आयोजन दिल्ली सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग ने इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय भारत सरकार के राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस प्रभाग के सहयोग से किया।

मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने तेजी से बदलते साइबर खतरे के परिदृश्य के बीच सरकारी डेटा, डिजिटल अवसंरचना और नागरिक सेवाओं की सुरक्षा में साइबर सुरक्षा की बढ़ती आवश्यकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि साइबर खतरों की निरंतर बदलती प्रकृति को देखते हुए हमें सदैव सतर्क रहना होगा, अपनी साइबर क्षमता को और मजबूत करना होगा तथा भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप सुरक्षित एवं विश्वसनीय डिजिटल प्रशासन सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य सरकारी प्रणालियों में साइबर लचीलापन को सुदृढ़ करना, विभागों के बीच समन्वय को बढ़ावा देना तथा उभरते साइबर खतरों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए एक व्यापक रणनीति तैयार करना है।

मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में डेटा सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक बन चुकी है। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीकों के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराधी लगातार अधिक उन्नत और जटिल तरीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिनकी कोई भौगोलिक सीमा नहीं होती। ऐसे में सरकारों के लिए निरंतर सतर्क रहना और साइबर सुरक्षा तंत्र को लगातार मजबूत करना अत्यंत आवश्यक है।

मंत्री ने कहा कि संवेदनशील सरकारी सूचनाओं की सुरक्षा निर्बाध जनसेवा सुनिश्चित करने और डिजिटल शासन के प्रति नागरिकों का विश्वास बनाए रखने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी विभागों से साइबर सुरक्षा के सर्वोत्तम मानकों को अपनाने तथा सरकारी संस्थानों में साइबर जागरूकता की संस्कृति विकसित करने का आह्वान किया।

कार्यशाला में साइबर थ्रेट इंटेलिजेंस, महत्वपूर्ण सूचना अवसंरचना की सुरक्षा, घटना प्रतिक्रिया तंत्र, डेटा गोपनीयता, उभरती प्रौद्योगिकियों तथा साइबर जोखिम प्रबंधन की वैश्विक सर्वोत्तम प्रक्रियाओं पर विशेषज्ञ सत्र आयोजित किए गए। प्रतिभागियों ने साइबर सुरक्षा, क्षमता निर्माण, सुरक्षा ऑडिट, साइबर जागरूकता तथा विभिन्न सरकारी विभागों में मजबूत सुरक्षा ढांचे को अपनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया।

कार्यशाला का समापन इस सहमति के साथ हुआ कि दिल्ली के साइबर सुरक्षा इकोसिस्टम को और मजबूत बनाने के लिए सतत सहयोग, नियमित क्षमता निर्माण कार्यक्रमों तथा उभरती प्रौद्योगिकियों एवं सर्वोत्तम प्रक्रियाओं को अपनाना आवश्यक है। कार्यशाला से प्राप्त सुझाव राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के लिए एक व्यापक एवं सुदृढ़ साइबर सुरक्षा ढांचे के निर्माण और प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव