home page

एमसीडी ने मनाया ‘भाषा-संगम 2026’, हिंदी-उर्दू-पंजाबी की साझी विरासत का हुआ उत्सव

 | 
एमसीडी ने मनाया ‘भाषा-संगम 2026’, हिंदी-उर्दू-पंजाबी की साझी विरासत का हुआ उत्सव


- महापौर ने किया भाषाई सौहार्द और आपसी सम्मान का आह्वान

नई दिल्ली, 23 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के राजभाषा विभाग ने सोमवार को सिविक सेंटर के केदारनाथ साहनी सभागार में ‘भाषा-संगम 2026’ का आयोजन किया गया। हिंदी, उर्दू एवं पंजाबी भाषा महोत्सव के रूप में आयोजित इस कार्यक्रम में भाषाई विविधता, साहित्यिक समृद्धि और भारत की साझा सांस्कृतिक विरासत को उत्साहपूर्वक प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व की पावन संध्या को समर्पित रहा।

इस अवसर पर दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा, उपमहापौर एवं हिंदी समिति की अध्यक्ष मोनिका पंत तथा हिंदी समिति की उपाध्यक्ष मनीषा, अतिरिक्त आयुक्त ऐ के मिश्रा भी उपस्थित थे ।

इस अवसर पर महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि भाषा का कोई धर्म नहीं होता। भाषा लोगों को जोड़ने, विचारों को साझा करने और एक-दूसरे की संस्कृति को समझने का माध्यम है। हिंदी, उर्दू और पंजाबी तीनों भाषाओं का भारतीय समाज, साहित्य और संस्कृति पर गहरा प्रभाव रहा है। इन भाषाओं की अपनी समृद्ध परंपराएं हैं, लेकिन इनके बीच आपसी जुड़ाव और साझी विरासत भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हमें सभी भाषाओं का समान रूप से सम्मान करना चाहिए और भाषाई विविधता को अपनी ताकत बनाना चाहिए। ऐसे आयोजन समाज में आपसी सद्भाव, सम्मान और एकता की भावना को मजबूत करते हैं।

स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कहा कि भारत की असली खूबसूरती उसकी विविधता में एकता में निहित है। हिंदी, उर्दू और पंजाबी जैसी भाषाएं हमारी सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इन भाषाओं के साहित्य, कविता, संगीत और परंपराओं ने समाज को हमेशा जोड़ने का काम किया है। ‘भाषा-संगम’ जैसे आयोजन हमारी समृद्ध परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और सभी भाषाओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उपमहापौर एवं हिंदी समिति की अध्यक्ष मोनिका पंत ने कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी अभिव्यक्ति, संस्कृति और सामाजिक जुड़ाव का सशक्त माध्यम है। उर्दू की नजाकत और पंजाबी की जीवंतता हमारी साझा सांस्कृतिक विरासत को और समृद्ध बनाती हैं। हमें हिंदी के साथ-साथ देश की अन्य भाषाओं के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए भी निरंतर प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि भाषाओं के माध्यम से ही हम अपनी संस्कृति और मूल्यों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचा सकते हैं।

हिंदी समिति की उपाध्यक्ष मनीषा ने कहा कि साहित्य और भाषा समाज को संवेदनशील बनाने के साथ-साथ लोगों के बीच आपसी समझ और भाईचारे को बढ़ावा देते हैं। हिंदी, उर्दू और पंजाबी की साहित्यिक परंपराएं प्रेम, सद्भाव और मानवीय मूल्यों का सुंदर संदेश देती हैं। ‘भाषा-संगम 2026’ जैसे आयोजन विभिन्न भाषाओं और संस्कृतियों को एक साझा मंच प्रदान करते हैं तथा हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का अवसर देते हैं।

कार्यक्रम के अंतर्गत उद्घाटन एवं भाषाई-सांस्कृतिक सत्र, कवि दरबार, ‘साझी विरासत-साझा सम्मान’ तथा ‘खुशबू-ए-महफिल’ जैसे विशेष सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों के माध्यम से हिंदी, उर्दू एवं पंजाबी साहित्य की विविध विधाओं और सांस्कृतिक विशेषताओं को मंच प्रदान किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी