home page

पुलिस ने 13 वर्षीय लापता बच्ची को खोजकर परिवार से मिलवाया

 | 
पुलिस ने 13 वर्षीय लापता बच्ची को खोजकर परिवार से मिलवाया


नई दिल्ली, 26 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) ने 13 वर्षीय लापता नाबालिग बच्ची को खाेजकर उसके परिवार से मिलवाया है। पुलिस के अनुसार बच्ची शाहबाद डेयरी थाना क्षेत्र से लापता हुई थी और उसे बेगमपुर इलाके से खोज निकाला गया।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने रविवार काे बताया कि, छह अप्रैल को शाहबाद डेयरी थाने में 13 वर्षीय बच्ची के लापता होने की शिकायत दर्ज हुई थी। बच्ची की उम्र कम होने और उसकी सुरक्षा को देखते हुए मामले को गंभीरता से लिया गया। इसके बाद दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की एएचटीयू टीम ने तत्काल जांच शुरू की।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार इंस्पेक्टर मनोज दहिया के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी सर्विलांस, फील्ड इंटेलिजेंस और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई सूचनाओं के आधार पर सघन तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान टीम ने बच्ची को बेगमपुर इलाके से सुरक्षित खोज लिया। पूछताछ में सामने आया कि बच्ची घर के काम को लेकर मां की डांट से नाराज होकर बिना बताए घर छोड़कर चली गई थी। इसके बाद वह बेगमपुर में अपनी एक दोस्त के पास रह रही थी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बच्ची की काउंसलिंग कर उसे परिवार के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में संबंधित कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी