home page

जिम ट्रेनर निकला लग्जरी कार चोर, जयपुर से गिरफ्तार

 | 
जिम ट्रेनर निकला लग्जरी कार चोर, जयपुर से गिरफ्तार


नई दिल्ली, 12 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (एआरएससी) यूनिट ने लग्जरी कार चोरी के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए जयपुर से एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपित की पहचान जयपुर (राजस्थान) निवासी मोहम्मद अशरफ खान के रूप में हुई है। वह पेशे से जिम ट्रेनर है। उसके कब्जे से दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके से चोरी की गई दो नई लग्जरी गाड़ियां महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन और हुंडई क्रेटा बरामद की गई हैं।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त संजीव यादव ने रविवार को बताया कि आरोपित नई लग्जरी कारों को चोरी कर उन्हें अपने ग्राहकों को मांग के अनुसार सस्ते दाम पर उपलब्ध कराता था। वह खुद भी इन महंगी गाड़ियों का इस्तेमाल अपने ग्राहक पर रौब जमाने के लिए करता था।

पुलिस उपायुक्त के मुताबिक, क्राइम ब्रांच की टीम दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय वाहन चोरों और रिसीवरों पर नजर रखे हुए थी। इसी दौरान छह अप्रैल को एक गुप्त सूचना मिली कि मुखर्जी नगर से चोरी की गई एक लग्जरी कार जयपुर में मौजूद है। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम जयपुर पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से सात अप्रैल को झोटवाड़ा इलाके में छापेमारी की गई। इस दौरान आरोपित मोहम्मद अशरफ खान को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर एक हुंडई क्रेटा और एक महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन बरामद की गई, जो दिल्ली के मुखर्जी नगर थाना क्षेत्र से चोरी की गई थीं। पूछताछ में आरोपित ने खुलासा किया कि उसने ये गाड़ियां जयपुर निवासी शकील नामक व्यक्ति से खरीदी थीं। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपित स्नातक है और जिम ट्रेनर के रूप में काम करता था। वह अपने ग्राहकों को कम कीमत में लग्जरी कार दिलाने का झांसा देता था। जांच में अभी तक उसका किसी अन्य आपराधिक मामले में शामिल होना सामने नहीं आया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी