ट्रैफिक पुलिस ने चोरी की बाइक समेत तीन युवकों को किया गिरफ्तार
नई दिल्ली, 28 सितंबर (हि.स.)। मुकरबा चौक पर वाहन जांच के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने चोरी की बाइक बरामद कर तीन युवकों को पकड़ा है। आरोपित बाइक पर सवार होकर आजादपुर की तरफ से नरेला जा रहे थे। जांच के दौरान उनके पास बाइक से संबंधित जरूरी दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस ने जिपनेट पर बाइक का रिकार्ड जांचा तो उसके चोरी होने की जानकारी सामने आई।
पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर को उत्तरी रेंज की ट्रैफ़िक की टीम मुकरबा चौक, जीटीके रोड स्थित एमटीसी सर्कल पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान टीम ने एक बाइक को जांच के लिए रोका। बाइक पर तीन लोग सवार थे। पूछताछ में तीनों बाइक के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके और न ही वाहन के कागजात पेश कर पाए। संदेह होने पर टीम ने बाइक को जिपनेट पर जांचा। जांच में सामने आया कि बाइक के चोरी होने की एफआईआर सरिता विहार थाने में दर्ज है। बाइक को एफआईआर संख्या 22426/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(बी) में चोरी का मामला दर्ज किया गया था।
इसके बाद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने तीनों सवारों को बाइक समेत पकड़ लिया। मामले की जानकारी संबंधित पुलिस अधिकारियों को दी गई। बाद में तीनों आरोपितों और बरामद बाइक को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए महिंद्रा पार्क थाने की पुलिस के हवाले कर दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

