home page

मालगाड़ी से छह करोड़ का अवैध तांबा व दो टन एल्युमिनियम सिल्लियां की गई जब्त

 | 

नई दिल्ली, 13 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली माल एवं सेवा कर (डीजीएसटी) विभाग ने रेलवे अधिकारियों के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए वैध दस्तावेज, ई-वे बिल और चालान के बिना मालगाड़ी से ले जाए जा रहे करीब 50 टन अवैध तांबे और दो टन एल्युमिनियम सिल्लियां जब्त की है। इनमें तांबे की अनुमानित कीमत करीब छह करोड़ रुपये और एल्युमिनियम सिल्लियों का मूल्य करीब चार लाख रुपये आंका गया है। यह जानकारी गुरुवार को दिल्ली सरकार जरिए एक विज्ञप्ति में दी गई।

विज्ञप्ति के मुताबिक, डीजीएसटी विभाग ने रेलवे अधिकारियों के साथ समन्वय कर फ्रेट ट्रेन नंबर 00629 पार्सल कार्गो एक्सप्रेस ट्रेन (पीसीईटी) में ले जाए जा रहे माल की जांच की। डीजीएसटी की टीमों की जांच में सामने आया कि माल के परिवहन के लिए आवश्यक वैध दस्तावेज, ई-वे बिल और चालान उपलब्ध नहीं थे। यह ट्रेन कर्नाटक के यशवंतपुर रेलवे स्टेशन से रवाना हुई थी। विभाग ने इस ट्रेन की आवाजाही पर लगातार नजर रखी।

डीजीएसटी विभाग के अनुसार इसके बाद इन तीनों वैगनों में रखे माल को दिल्ली माल एवं सेवा कर विभाग ने हिरासत में ले लिया। जब्त में लिए गए माल में करीब 50 टन तांबा धातु/तांबा स्क्रैप, जिसकी अनुमानित कीमत करीब छह करोड़ रुपये और करीब दो टन एल्युमिनियम सिल्लियां, जिसकी कीमत लगभग चार लाख रुपये है, शामिल हैं। विभाग के अनुसार जब्त माल का विस्तृत मूल्यांकन और आगे की कार्रवाई जीएसटी नियमों के अनुसार की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव