जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन के पास बना कूलिंग जोन, 70-80 लोगों के बैठने की होगी व्यवस्था
नई दिल्ली, 09 मई (हि.स.)। दिल्ली सरकार लगातार बढ़ रही गर्मी और हीट वेव की स्थिति को देखते हुए पूरी गंभीरता के साथ हीट वेव एक्शन प्लान को प्रभावी ढंग से लागू कर रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि इसी दिशा में ओल्ड दिल्ली डिस्ट्रिक्ट की पहल पर पुरानी दिल्ली क्षेत्र में जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन के पास आम लोगों की सुविधा और राहत के लिए विशेष कूलिंग जोन तैयार किया गया है। इसमें 70-80 लोगों के बैठने की व्यवस्था के साथ-साथ ठंडा पानी और ओआरएस मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने शनिवार को एक विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के दौरान बाजारों, धार्मिक स्थलों और पर्यटन क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में पुराने दिल्ली क्षेत्र जैसे संवेदनशील और अत्यधिक भीड़भाड़ वाले इलाकों में इस प्रकार की सुविधाएं लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही हैं। यह कूलिंग जोन, मोबाइल हीट वाहन से अलग एक स्थायी राहत केंद्र के रूप में तैयार किया गया है, जहां लोगों को बैठने, आराम करने और गर्मी से तत्काल राहत पाने की सुविधा मिल रही है। यहां लगभग 70 से 80 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है ताकि राहगीर, पर्यटक, रिक्शा चालक, श्रमिक, बुजुर्ग और अन्य लोग कुछ समय रुककर राहत महसूस कर सकें। उन्होंने कहा कि कूलिंग जोन में वाटर कूलर के माध्यम से लगातार ठंडे पानी की व्यवस्था की गई है। साथ ही लोगों को ओआरएस युक्त पानी भी उपलब्ध कराया जा रहा है ताकि शरीर में पानी और आवश्यक लवणों की कमी न हो तथा हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं से बचाव किया जा सके। सरकार की प्राथमिकता है कि गर्मी के इस कठिन दौर में कोई भी व्यक्ति असुविधा महसूस न करे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राजधानी के उन सभी इलाकों की पहचान की जाए जहां लोगों की अधिक आवाजाही होती है और वहां इसी प्रकार की राहत सुविधाएं विकसित की जाएं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार हीट वेव से निपटने के लिए बहुस्तरीय रणनीति पर काम कर रही है। इसके तहत विभिन्न जिलों में राहत सुविधाएं, पेयजल उपलब्धता, जागरूकता अभियान और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष प्रबंधन किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि गर्मी के प्रभाव को कम करने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय रहे। आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने की संभावना को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

