कांग्रेस ने स्वाइन फ्लू और डेंगू के बढ़ते मामलों को लेकर दिल्ली सरकार को घेरा
नई दिल्ली, 29 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि दिल्ली में स्वाइन फ्लू और डेंगू के बढ़ते मामलों को रोकने में प्रदेश सरकार पूरी तरह नाकाम साबित हो चुकी है। स्वाइन फ्लू के 100 से अधिक प्रतिदिन डेंगू के प्रतिदिन बढ़ते मामले सरकार की स्वास्थ्य संबधी योजनाओं और तेजी से फैल रहे स्वाइन फ्लू और डेंगू की रोकथाम के उपायों की पोल खोलता है।
देवेंद्र यादव ने शनिवार को एक विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि 27 अगस्त को 125 और 28 अगस्त को स्वाईन फ्लू के 166 मामले सामने आने के बाद दिल्ली में एच1एन1 संक्रमितों की संख्या 2612 से अधिक हो चुकी है, यह चिंताजनक है। डेंगू के 272 केस दर्ज हुए है, जबकि जल जनित बीमारियों में मलेरिया के 95 और चिकनगुनिया के 21 मामले भी सामने आए है। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान अधिक नमी के कारण स्वाईन फ्लू और मच्छरों से डेंगू के मामले तेजी से बढ़ रहे है, जिसकी रोकथाम के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को अस्पतालों को विशेष इंतजाम के आदेश दें। उन्होंने कहा कि बढ़ती बीमारियों का बड़ा कारण दिल्ली नगर निगम द्वारा जमा हुए पानी में टेमीफॉस और बीटीआई लार्वा नाशक दवा का छिड़काव न करना और फोगिंग मशीन से कीटनाशक धुआं छोड़ने पर ध्यान नही देना है।
देवेंद्र यादव ने कहा कि विशेषज्ञों के अनुसार एच1एन1 बच्चों और वृद्धों सहित गर्भवती महिलाओं में अधिक बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि स्वाइन फ्लू की जांच का खर्च निजी अस्पतालों में करीब 1500 से 5000 रुपये तक है जबकि गंभीर रुप से मरीज की पूरे रेस्पिरेटरी बायोफायर पैनल की जांच 9000 से 15000 रुपये तक पड़ सकती है, जो गरीब, निम्न और मध्यम वर्ग के लोगों के बहुत अधिक है। दिल्ली सरकार स्वाइन फ्लू के मरीजों के सरकारी अस्पतालों में यह जांच मुफ्त कराने का इंतजाम करें और इसके लिए उपयोग में आने वाली जरुरी उपकरण और दवाओं की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि जगप्रवेश अस्पताल में फ्लू वार्ड पर लटके ताले ने सरकार के इंतजाम की पोल पहले ही खोल दी है क्योंकि यह आलम अस्पतालों को अलर्ट मोड में रहने के बाद देखा गया।
देवेंद्र यादव ने कहा कि डेंगू, चिकनगुनिया और मलेरिया जो जमा हुए जल से पैदा हुए मच्छरों के कारण होता है, राजधानी में इनके मामले बढ़ना सरकार की विफलता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

